लोकसभा चुनाव का तीसरा चरण कल: 11 राज्यों की 93 सीटों पर होगी वोटिंग, दांव पर इन दिग्गजों की किस्मत

लोकसभा चुनाव का तीसरा चरण कल: 11 राज्यों की 93 सीटों पर होगी वोटिंग, दांव पर इन दिग्गजों की किस्मत

उमाकांत त्रिपाठी।लोकसभा चुनाव के तीसरे फेज में मंगलवार (7 मई) को 10 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 93 सीटों पर वोटिंग होगी। पहले इस फेज में 11 राज्यों की 95 सीटें थीं, लेकिन 21 अप्रैल को सूरत से कांग्रेस प्रत्याशी का पर्चा रद्द होने और 8 कैंडिडेट के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा के मुकेश दलाल निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।वहीं जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम की वजह से अनंतनाग-राजौरी सीट का चुनाव टाल दिया गया है। अब यहां छठे फेज में 25 मई को वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा मध्य प्रदेश की बैतूल सीट से बसपा प्रत्याशी के निधन के बाद सेकेंड फेज (26 अप्रैल) को होने वाली वोटिंग 7 मई को शिफ्ट कर दी गई।मध्य प्रदेश की तीन सीटों- विदिशा से शिवराज सिंह चौहान (मामा), गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया (महाराजा) और राजगढ़ से दिग्विजय सिंह (राजा) की किस्मत दांव पर है। इसके अलावा महाराष्ट्र की अमरावती सीट पर शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले और डिप्टी CM अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार यानी ननद-भौजाई के बीच सीधा मुकाबला है।

चुनाव आयोग के अनुसार
तीसरे फेज में कुल 1352 कैंडिडेट्स मैदान में हैं। इनमें 1229 पुरुष और 123 (9%) महिला हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के अनुसार, 244 कैंडिडेट्स आपराधिक छवि के हैं। 392 कैंडिडेट्स के पास एक करोड़ या उससे ज्यादा की संपत्ति हैं।

244 प्रत्याशियों पर है आपराधिक केस
ADR की रिपोर्ट बताती है, 244 (18%) उम्मीदवारों पर आपराधिक केस हैं। इनमें से 172 (13%) पर हत्या, अपहरण, बलात्कार जैसे गंभीर मामले भी शामिल हैं। 5 उम्मीदवारों पर हत्या और 24 पर हत्या की कोशिश के मामले दर्ज हैं।38 उम्मीदवारों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले दर्ज हैं। इनमें से दो पर बलात्कार के मामले चल रहे हैं। वहीं, 17 कैंडिडेट्स पर हेट स्पीच से जुड़े मामले दर्ज हैं।

तीसरे चरण में 392 उम्मीदवार करोड़पति
ADR के मुताबिक, तीसरे फेज के 1352 उम्मीदवारों में से 392 यानी 29% उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनके पास औसतन 5.66 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वहीं, पांच उम्मीदवार ऐसे भी हैं, जिन्होंने अपनी संपत्ति शून्य बताई है।महाराष्ट्र की कोल्हापुर सीट से निर्दलीय प्रत्याशी इरफान अबूतालिब चांद की संपत्ति सबसे कम केवल 100 रुपए है। वहीं, गुजरात की बारडोली सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशी रेखाबेन हरसिंहभाई चौधरी ने अपनी संपत्ति 2000 रुपए घोषित की है।

647 उम्मीदवारों पर कर्जदारी
तीसरे चरण के 647 (48%) प्रत्याशियों पर उधारी चल रही है। मध्य प्रदेश की मुरैना सीट से बसपा प्रत्याशी रमेश गर्ग के ऊपर सबसे ज्यादा देनदारी है। हैरान करने वाली बात यह है कि उनके ऊपर 351.61 करोड़ रुपए की देनदारी है, जबकि उनकी कुल संपत्ति करीब 16.47 करोड़ रुपए की है।सबसे ज्यादा सालाना आय के मामले में महाराष्ट्र की माढा सीट से भाजपा के रंजीतसिंह हिंदूराव नाइक निंबालकर टॉप पर हैं। उनकी कुल वार्षिक आय करीब 44.57 करोड़ रुपए है। इन्होंने व्यापार और कृषि को अपनी आय का स्रोत बताया है।कुल 1352 उम्मीदवारों में से 591 (44%) उम्मीदवार ग्रेजुएट हैं, जबकि 19 उम्मीदवारों ने खुद को निरक्षर बताया है। वहीं, 411 (30%) उम्मीदवारों की आयु 25 से 40 साल और 228 (17%) की आयु 61 से 80 साल के बीच है, जबकि एक प्रत्याशी की आयु 84 साल है।

तीसरे चरण की 14 हॉट सीटों पर एक नजर…

1. गांधीनगर, गुजरात
भाजपा की ओर से देश के गृहमंत्री अमित शाह यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर तीस सालों से भाजपा का कब्जा है। भाजपा के दिग्गज नेता 1999 से यहां से जीतते आए हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में पहली बार अमित शाह ने यहां से चुनाव लड़ा था और करीब साढ़े पांच लाख वोटों से जीत हासिल की थी। वहीं, कांग्रेस ने इस सीट से पार्टी की सचिव सोनल रमणभाई पटेल को मैदान में उतारा है। वे मुंबई और पश्चिमी महाराष्ट्र में पार्टी की सह प्रभारी हैं। साथ ही गुजरात महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वे कह चुकी हैं कि उन्हें भाजपा के वरिष्ठ नेता के खिलाफ चुनाव लड़ने में बिल्कुल भी हिचक नहीं हैं।

2. पोरबंदर, गुजरात
महात्मा गांधी के जन्मस्थली से भाजपा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया को उम्मीदवार बनाया है। पेशे से वेटरनरी डॉक्टर मंडाविया गुजरात से दो बार के राज्यसभा सांसद हैं। चुनाव प्रचार के लिए केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र में करीब 150 किमी. की पदयात्रा की है। भीड़भाड़ भरे रोड शो से दूरी बनाए रखते हुए उन्होंने प्रचार का यह पुराना तरीका अपनाया है। इस सीट पर पाटीदार समुदाय का खासा प्रभाव है। यही कारण है कि कांग्रेस ने पूर्व विधायक और पाटीदार नेता ललित वसोया को अपना उम्मीदवार बनाया है। पाटीदार आरक्षण आंदोलन में सक्रीय रहे वसोया 2019 में भी कांग्रेस के प्रत्याशी थे।

3. गुना, मध्य प्रदेश
ज्योतिरादित्य सिंधिया एक बार फिर अपनी पारंपरिक सीट से चुनाव मैदान में हैं। सिंधिया 2019 में अपने पूर्व सहयोगी केपी सिंह से चुनाव हार गए थे। हालांकि, तब वे कांग्रेस में थे। हार से सबक लेते हुए सिंधिया ने इस बार मैदान में खूब मेहनत ही है। उनका बेटा और पत्नी भी उनके साथ चुनाव प्रचार में लगे थे।वहीं, कांग्रेस ने सिंधिया परिवार के राजनीतिक विरोधी राव यादवेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है। राव 2023 तक भाजपा में थे। उनके पिता मुंगावली सीट से तीन बार भाजपा के विधायक रहे हैं। उन्होंने माधवराव सिंधिया और ज्योतिरादित्य के खिलाफ भी चुनाव लड़ा था। यादवेंद्र 2023 में कांग्रेस के टिकट पर सिंधिया के करीबी बृजेंद्र सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

4. विदिशा, मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में मामा के नाम से मशहूर शिवराज सिंह चौहान करीब 20 साल बाद दोबारा विदिशा से चुनाव लड़ रहे हैं। 2005 में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने से पहले वे यहां से पांच बार सांसद रहे थे। वे अभी इसी सीट के बुधनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और सुषमा स्वराज भी यहां से चुनाव जीत चुके हैं।मामा के सामने कांग्रेस ने ‘दादा’ को उतारा है। दरअसल, कांग्रेस के प्रत्याशी प्रतापभानु सिंह, दादा के उपनाम से जाने जाते हैं। भानु 1980 और 1984 में यहां से सांसद रह चुके हैं। वे मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं। साथ ही 1980-84 तक रक्षा मंत्रालय की सलाहकार समिति के सदस्य भी रह चुके हैं।

5. राजगढ़, मध्य प्रदेश
दिग्विजय सिंह करीब 32 साल बाद दोबारा राजगढ़ सीट पर वापसी की है। 1991 में दिग्विजय यहां से सांसद बने थे, लेकिन 1993 में मुख्यमंत्री बनने के बाद इस्तीफा दे दिया था। तब से 2004 तक उनके भाई लक्ष्मण सिंह इस सीट पर कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों से सांसद रहे। 2019 में दिग्विजय सिंह ने भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा से हार गए थे।वहीं, दूसरी तरफ भाजपा ने दो बार से रोडमल नागर को तीसरी बार मैदान में उतारा है। पिछले दो चुनावों में आसानी से जीत हासिल करने वाले नागर के लिए इस बार चुनौती कड़ी हैं। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि कांग्रेस इतने कद्दावर नेता को उतारेगी। इसी वजह से नागर प्रधानमंत्री मोदी की छवि के सहारे चुनाव लड़ रहे हैं।

6. बारामती, महाराष्ट्र
बारामती सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प है। पिछले साल एनसीपी में दो फाड़ होने के बाद यहां इमोशनल मुद्दे पर चुनाव लड़ा जा रहा है। चुनाव में शरद पवार की बेटी और बहू के आमने-सामने होने और परिवार टूटने का मुद्दा बड़ा है। मोदी की गारंटी और राम मंदिर जैसे मुद्दे यहां गायब हैं। एक तरफ सुप्रिया सुले एनसीपी (शरद पवार गुट) से मैदान में हैं तो उनकी भाभी और महाराष्ट्र के डिप्टी CM की पत्नी सुनेत्रा पवार एनसीपी से उन्हें टक्कर दे रही हैं।
1960 में भी ऐसा ही मुकाबला देखने को मिला था, जब शरद पवार अपने बड़े भाई वसंतराव के खिलाफ उतरे थे। तब उनके भाई चुनाव हार गए थे। यह सीट एनसीपी का गढ़ मानी जाती है। शरद पवार यहां से छह बार सांसद रह चुके हैं। अजीत पवार भी यहां से एक बार सांसद रह चुके हैं और पिछले तीन बार से सुप्रिया यहां से सांसद चुनी जा रही हैं।

7. सातारा, महाराष्ट्र
भाजपा इस सीट पर पहली बार कमल खिलने की आस लगाए बैठी हुई है। भाजपा आज तक कभी भी यह सीट नहीं जीती, लेकिन पार्टी को छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज छत्रपति उदयनराजे भोसले से पूरी उम्मीद है। भोसले 2004 से 2014 तक तीन बार यहां से सांसद चुने गए। 2019 का चुनाव भी उन्होंने जीता, लेकिन भाजपा जॉइन करने के बाद सीट से इस्तीफा देना पड़ा।इसी साल हुए उपचुनाव में एनसीपी के श्रीनिवास पाटिल से चुनाव हार गए। वहीं, दूसरी तरफ एनसीपी (शरद गुट) ने ट्रेड यूनियन के नेता रहे और चार बार के विधायक रहे शशिकांत शिंदे को मैदान में उतारा है। शिंद 2019 का विधानसभा चुनाव हार गए थे और अभी विधान परिषद के सदस्य हैं। सातारा शरद पवार का गृह जिला है और एनसीपी (शरद गुट) की यहां गहरी पैठ है। इसलिए यहां मुकाबला टक्कर का है।

8. रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, महाराष्ट्र
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री नारायण राणे यहां से भाजपा के उम्मीदवार हैं। राज्यसभा से सांसद राणे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। वे सिंधुदुर्ग की कुडाल सीट से छह बार विधायक रहे हैं। शिवसेना से राजनीति शुरू करके राणे मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे। 2005 में उद्धव ठाकरे से विवाद के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए। 2017 में कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टी बनाई और 2019 में भाजपा में पार्टी का विलय कर दिया। लंबे राजनीतिक अनुभव वाले राणे के खिलाफ इंडी गठबंधन की ओर से शिवसेना (उद्धव गुट) के विनायक राउत मैदान में हैं। वे पिछले दो लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं।

9. आगरा, उत्तर प्रदेश
भाजपा ने आगरा लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को मैदान में उतारा है। बघेल ने अपने करियर की शुरुआत पुलिस सब इंस्पेक्टर के तौर पर की। इसके बाद वे आगरा कॉलेज में मिलिट्री साइंस के एसोसिएट प्रोफेसर भी रहे। उन्होंने समाजवादी पार्टी से राजनीतिक करियर की शुरुआत की और बसपा से होते हुए 2014 में भाजपा में शामिल हो गए। वे चार बार सांसद और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।समाजवादी पार्टी करीब 30% दलित वोटर्स को साधने के लिए सुरेश चंद कर्दम को उतारा है। वे उसी समुदाय से आते हैं, जिससे बसपा सुप्रीमो मायावती आती हैं। बड़ी संख्या में दलित वोटर होने के बाद भी बसपा का कोई उम्मीदवार आज तक यहां से जीत दर्ज नहीं कर सका है।

10. मैनपुरी, उत्तर प्रदेश
मुलायम सिंह यादव की विरासत लिए उनकी बहू डिंपल यादव मैनपुरी से चुनाव मैदान में हैं। 2019 के चुनाव में मुलायम सिंह यहां से सांसद चुने गए थे। 2022 में उनकी मृत्यु के बाद हुए उपचुनाव में डिंपल सांसद चुनी गई थीं। इससे पहले वे उत्तर प्रदेश की कन्नौज सीट से दो बार सांसद रह चुकी हैं। हालांकि, 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा के सुब्रत पाठक से हार गई थीं।भाजपा ने डिंपल के सामने योगी सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को उतारा है। जयवीर मैनपुरी सदर से विधायक हैं। वे कुल तीन बार विधायक और दो बार एमएलसी रह चुके हैं। वे 1999 से 2008 तक तीन बार जिला सहकारी बैंक, फिरोजाबाद के अध्यक्ष भी रहे हैं।

11. उत्तर गोवा, गोवा
केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक उत्तर गोवा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। वे लगातार पांच बार से यह सीट जीतते आ रहे हैं। वे 1988 में भाजपा के राज्य महासचिव बनाए गए। 1990 में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वे 1994 में विधायक और 1999 में सांसद चुने गए। वे तभी से लगातार सांसद हैं। नाइक मोदी मंत्रिमंडल में आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और रक्षा राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
वहीं, कांग्रेस ने राज्य के उपमुख्यमंत्री रहे रमाकांत खलप को उम्मीदवार बनाया है। वे छह बार विधायक रहे हैं। वे 1996 में सांसद चुने गए और केंद्रीय विधि राज्य मंत्री रहे।

12. बेलगाम, कर्नाटक
भाजपा ने बेलगाम सीट से कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे जगदीश शेट्टार को उम्मीदवार बनाया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से राजनीति शुरू करने वाले शेट्टार संघ से भी जुड़े रहे हैं। हालांकि, पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में टिकट न दिए जाने पर नाराज होकर कांग्रेस में चले गए और चुनाव लड़ा। लेकिन हारने के बाद दोबारा भाजपा में आ गए। इस सीट पर 2004 से ही भाजपा का कब्जा है। अंगदी सुरेश चन्नबसप्पा 2020 में अपनी मृत्यु तक इस सीट से सांसद रहे। इसके बाद हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी मंगला सुरेश यहां से जीतीं।कांग्रेस ने इस सीट पर मृणाल हेब्बलकर को उतारा है। वे राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी हेब्बलकर के बेटे हैं और पिछले सात-आठ साल से पार्टी में सक्रिय हैं। लक्ष्मी बेलगाम ग्रामीण सीट से विधायक भी हैं।

13. हावेरी, कर्नाटक
भाजपा ने हावेरी सीट से लिंगायत नेता बसवराज बोम्मई को मैदान में उतारा है। जनता दल से राजनीति की शुरुआत करने वाले बसवराज 2008 में भाजपा में शामिल हुए। उसी साल शिग्गांव सीट से विधायक चुने गए और येदियुरप्पा सरकार में मंत्री रहे। वे बीएस येदियुरप्पा के करीबी हैं और उनके बाद दूसरे बड़े लिंगायत नेता हैं। इसी कारण 2021 में येदियुरप्पा के बाद बोम्मई राज्य के मुख्यमंत्री बने। उनके पिता बीएस बोम्मई भी मुख्यमंत्री रहे हैं।
कांग्रेस ने बोम्मई के सामने आनंदस्वामी गद्दादेवर्मथ को उतारा है। वे राजनीति का बहुत चर्चित चेहरा नहीं हैं। हालांकि, यह उनका पहला चुनाव नहीं है, लेकिन इससे पहले लड़े दोनों चुनाव वे हार गए थे।

14. धारवाड़, कर्नाटक
2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई इस सीट पर भाजपा के प्रल्हाद जोशी लगातार जीतते आ रहे हैं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री जोशी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके पास कोयला मंत्रालय की भी जिम्मेदारी है। वहीं कांग्रेस ने उनके सामने विनोद आसुती को उतारा है। वे पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।