न्यूज़भारतहेडलाइंस

PM Modi Gujarat Visit: हम 7 करोड़ घर बना रहे:ये कई देशों की आबादी से भी ज्यादा, पीएम मोदी ने की ‘सूर्य घर’ योजना के लाभार्थियों से बात

उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात की राजधानी गांधीनगर में ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के लाभार्थियों से आज बातचीत की। प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे वावोल स्थित शालीन-2 सोसायटी पहुंचे।

इस दौरान प्रधानमंत्री वहां के ऐसे कई निवासियों के साथ बातचीत की जिन्होंने 29 फरवरी को शुरू की गई केंद्र सरकार की 75,021 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना के तहत अपने घरों की छतों पर सौर पैनल लगाए हैं।

20 मिनट तक रुके पीएम मोदी
प्रधानमंत्री इस आवासीय परिसर में करीब 20 मिनट तक रुके। इस योजना का उद्देश्य घरों की छतों पर सौर पैनल लगाकर आवासीय परिवारों को स्वयं बिजली पैदा करने में सक्षम बनाना है। इसके तहत दो किलोवाट क्षमता तक की प्रणालियों के लिए सौर इकाई लागत का 60 प्रतिशत तथा दो से तीन किलोवाट क्षमता वाली प्रणालियों के लिए अतिरिक्त लागत का 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है। प्रधानमंत्री सोमवार को दिन में चौथे वैश्विक अक्षय ऊर्जा निवेशक सम्मेलन और प्रदर्शनी री-इन्वेस्ट 2024 का उद्घाटन करेंगे। आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इसमें लगभग 40 सत्र होंगे, जिनमें मुख्यमंत्रियों की विस्तृत बैठक, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोलमेज सम्मेलन और तकनीकी सत्र शामिल हैं।

हम 7 करोड़ घर बना रहे
गुजरात दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर में कहा- भारत में हम 7 करोड़ घर बना रहे हैं। ये दुनिया के कई देशों की आबादी से भी ज्यादा है। अपने पहले दो टर्म में हम 4 करोड़ घर बना चुके हैं और अब तीसरे टर्म में 3 करोड़ घर बनाने का काम शुरू भी कर दिया है। उन्होंने आगे कहा- भारत की जनता ने 60 साल बाद लगातार हमारी सरकार को थर्ड टर्म का मौका दिया है। इस थर्ड टर्म के पीछे भारत की बहुत बड़ी इंस्पिरेशन है।

कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड दौरे के बाद रविवार से तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। पीएम मोदी का आज अहमदाबाद के दौरे पर कई कार्यक्रम सूचीबद्ध है। इस कड़ी में प्रधानमंत्री ने आज पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों के साथ मुलाकात और बातचीत की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने इस गुजरात दौरे को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि झारखंड में यादगार कार्यक्रमों के बाद थोड़ी देर पहले अहमदाबाद पहुंचा। कल 16 सितंबर को गांधीनगर और अहमदाबाद में कई कार्यक्रमों में भाग लूंगा।

Related Posts

1 of 806

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *