उमाकांत त्रिपाठी। राजस्थान के बारां चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान की गहलोत सरकार पर जमकर निशान साधा। इस दौरान उन्होंने कहा भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टीकरण देश के लिए ये 3 सबसे बड़े दुश्मन हैं और कांग्रेस इसकी जननी है। पीएम मोदी ने एक बार फिर लाल डायरी का जिक्र करते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि- भाया रे भाया खूब खाया और एक गांव तो पूरा खाया. पीएम मोदी ने राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा और अपमान का मुद्दा भी उठाया। आपको बता दें कि राजस्थान में होने वाले विधानसभा का चुनाव-प्रचार अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। यहां 25 नवंबर को वोटिंग है और 3 दिसंबर को रिजल्ट घोषित किया जाएगा।
कांग्रेस ने राज्य को बनाया दंगाइयों का खुला मैदान
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत की आजादी के 75 साल हो गए हैं। अब हमारे सामने विकसित भारत का लक्ष्य है। राजस्थान को विकसित बनाए बिना भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य अधूरा है। राजस्थान के लोगों के साथ बीजेपी के हमेशा से बहुत खास रिश्ते रहे हैं। राजस्थान की यही पुकार है कि यहां भाजपा सरकार आ रही है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार ने राजस्थान की जनता को को लुटेरों, दंगाइयों, अत्याचारियों, अपराधियों के हवाले कर दिया है। इसलिए आज राजस्थान का बच्चा-बच्चा कह रहा है गहलोतजी कोनी मिले वोट जी। मैं तो एक महीने से छोटे-छोटे बच्चों के वीडियो देख रहा हूं। ये वाक्य बच्चे बोलते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि सूरमाओं की इस धरा को कांग्रेस ने दंगाइयों का खुला मैदान बना दिया है। PFI एक आतंकी संगठन है, भारत सरकार ने इस पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। लेकिन कोटा में PFI का जुलूस निकलता है और कांग्रेस सरकार सोई हुई है। तुष्टिकरण की गुलाम कांग्रेस सरकार आतंक परस्तों से डरती है और राजस्थान का भला चाहने वालों पर कार्रवाई करती है।
राजस्थान के किसी कोने में नहीं बचनी चाहिए कांग्रेस
पीएम मोदी इस दौरान कहा कि- जो कांग्रेस सरकार जान-माल और सम्मान की सुरक्षा तक नहीं कर सकती। उस सरकार को एक भी पल रहने का हक नहीं है। दीपावली पर हमारी माताएं-बहनें घर के कोने-कोने में सफाई करती हैं। वैसे ही हम सबको मिलकर राजस्थान से कांग्रेस की सफाई करनी ही। किसी भी कोने में कांग्रेस बचनी नहीं चाहिए। इस दौरान उन्होंने गहलोत सरकार पर गंभील आरोप लगाते हुए कहा कि- राजस्थान में समाज विरोधी ताकतों के हौसले बुलंदी पर हैं। राजस्थान में इंसान का सरेआम गला काटा जा रहा है, जश्न मनाया जा रहा है। झालावाड़ में दलित युवकों के साथ क्या हुआ, ये भी पूरे देश ने देखा है। तीज-त्योहार के लिए मशहूर राजस्थान में राम नवमी, होली, हनुमान जयंती जैसे त्योहार दंगों की भेंट चढ़ गए।














