उमाकांत त्रिपाठी।पीएम नरेंद्र मोदी ने 18 महीने बाद बिहार का दौरा किया। औरंगाबाद और बेगूसराय में सभा की। दोनों जगह पीएम मोदी के साथ सीएम नीतीश कुमार रहे। पीएम ने बिहार समेत देश की 1.62 लाख करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें बिहार की 27 हजार करोड़ की योजनाएं हैं।
पीएम ने लालू परिवार का नाम लिए बिना कहा कि बिहार ने परिवारवाद का दंश झेला है। परिवारवाद प्रतिभा का सबसे बड़ा दुश्मन है। एक परिवार ने नौकरी के नाम पर युवाओं की जमीनों पर कब्जा किया है। वहीं, औरंगाबाद में कहा कि बिहार को पुराने दौर में नहीं जाने देंगे। एनडीए की बढ़ती ताकत से परिवारवादी डरे हुए हैं।
नीतीश कुमार बोले
इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि मैं बीच में इधर-उधर हो गया, लेकिन अब परमानेंटली यहां रहने आ गए हैं। मुझे विश्वास है कि 400 से ज्यादा सीटें लोकसभा में जीतेंगे। मुख्यमंत्री ने सभा में सबको खड़ा कराकर पीएम मोदी का स्वागत कराया।
औरंगाबाद में मंच पर पीएम मोदी को सीएम नीतीश भी माला पहना रहे थे, लेकिन मोदी ने उनका हाथ पकड़कर अपने साथ माला के अंदर खड़ा किया।
पीएम मोदी बोले
ये मेरा सौभाग्य है कि इतनी विशाल संख्या में आप जनता जनार्दन का दर्शन करने का मुझे अवसर मिला है। बेगूसराय की धरती प्रतिभावन युवाओं की धरती है। आज यहां से बिहार सहित पूरे देश के लिए एक लाख 60 हजार करोड़ रुपए उससे भी अधिक प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ और लोकार्पण किया गया है। मोदी ने कहा कि बिहार विकसित होगा तो देश विकसित होगा।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बोले
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में मोदी सरकार के आने के बाद 2 करोड़ से ज्यादा गैस कनेक्शन हो गया है। इनमें 1 करोड़ से ज्यादा कनेक्शन उज्ज्वला के हैं। पीएम मोदी के आने से पहले बिहार में मात्र 52 लाख कनेक्शन थे। गिरिराज ने मोदी से कहा कि आपने फोर लाइन दिया, एलिवेटेड रोड दिया। मुंगेर का पुल दिया, शम्हो पुल भी दिया। आखिर में जय श्री राम के नारे से उन्होंने अपना संबोधन समाप्त किया।
पीएम मोदी को शॉल ओढ़ाकर नीतीश ने किया स्वागत
बेगूसराय की सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा ने प्रतीक चिन्ह मोदी को भेंट किया।














