उमाकांत त्रिपाठी।पीएम नरेंद्र मोदी 2 दिन के दौरे पर पोलैंड पहुंचे हैं। वह जिस होटल में वे रुके हैं, वहां भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान पीएम ने बच्चों से हाथ भी मिलाया। मोदी के स्वागत में डांडिया नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई।
पीएम मोदी गुरुवार को पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क और फिर राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा से मुलाकात करेंगे। यह 45 साल में किसी भारतीय पीएम की पहली पोलैंड यात्रा है। इससे पहले 1979 में मोरारजी देसाई वहां गए थे।
पोलैंड के बाद पीएम मोदी युक्रेन की यात्रा करेंगे
भारत से रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा था कि,“मैं पोलैंड और यूक्रेन की आधिकारिक यात्रा पर जा रहा हूं। पोलैंड के साथ राजनयिक संबंधों के 70 साल पूरा होने के मौके पर मेरी यह यात्रा हो रही है। पोलैंड मध्य यूरोप का हमारा आर्थिक साझेदार है।
पोलैंड के बाद पीएम मोदी 23 अगस्त को ट्रेन से यूक्रेन पहुंचेंगे। इस यात्रा पर उन्होंने कहा कि- वह शांति से जंग के समाधान पर राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ अपने विचार साझा करने के लिए उत्सुक हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक पीएम मोदी 21-22 अगस्त तक पोलैंड के दौरे पर रहेंगे। इसके बाद वे ट्रेन से यूक्रेन के लिए रवाना होंगे।
डांडिया नृत्य के साथ हुआ पीएम मोदी का स्वागत
PM मोदी जिस होटल में ठहरे हैं, वहां भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान डांडिया नृत्य का भी आयोजन किया गया। PM मोदी ने परफॉर्मर्स के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।
मोदी पोलैंड के पीएम और भारतीय समुदाय से मिलेंगे
मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों की स्थापना के 70 साल भी पूरे हो रहे हैं। सबसे पहले पीएम मोदी का पोलैंड की राजधानी वारसॉ में स्वागत होगा।
इसके बाद वे गुरुवार को प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क और फिर पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज सेबेस्टियन डूडा से मुलाकात करेंगे।पीएम पोलैंड में भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे। पोलैंड में भारतीय समुदाय के 25 हजार लोग रहते हैं। इसमें लगभग 5 हजार छात्र है। पीएम मोदी जामनगर और कोल्हापुर के महाराजाओं के स्मारकों का दौरा भी कर सकते हैं।
भारत-पोलैंड में 10 साल में 192% बढ़ा व्यापार
भारत और पोलैंड के बीच 2023 में 5.72 अरब डॉलर (करीब 48 हजार करोड़ रुपए) का व्यापार हुआ है। 2013 से 2023 तक दोनों देशों के बीच 192% व्यापार बढ़ा है। 2023 में भारत ने पोलैंड के साथ 3.95 बिलियन डॉलर (33 हजार 146 करोड़) का निर्यात और 1.76 बिलियन डॉलर (14 हजार 770 करोड़) का आयात किया था।
भारत का पोलैंड में 3 बिलियन डॉलर (25 हजार 178 करोड़) से ज्यादा का निवेश है। भारतीय आईटी कंपनियां पोलैंड में लगभग 10 हजार लोगों को रोजगार देती है। वहीं, पोलैंड का भारत में 685 मिलियन डॉलर (5 हजार 749 करोड़) का निवेश है।भारत पोलैंड से रक्षा व्यापार करता आया है, जिसमें हेलिकॉप्टर, विमान के पार्ट्स और अन्य आर्मी हार्डवेयर के सौदे शामिल हैं। भारत के T-72 टैंकों के अपग्रेड में पोलैंड की कंपनी बुमर लाबेडी का प्रमुख योगदान रहा। दोनों देशों की सेनाओं ने कई बार संयुक्त युद्धाभ्यास भी किए हैं।














