उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के बर्धमान-दुर्गापुर में सभा की। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत जय मां दुर्गा, जय मां काली और हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ की।
पीएम मोदी ने दी स्पीच
39 मिनट की स्पीच में मोदी पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार, संदेशखाली, राम मंदिर, राम नवमी, वोट जिहाद, कांग्रेस और राहुल गांधी के रायबरेली सीट से चुनाव लड़ने पर बोले।उन्होंने कहा- TMC के एक विधायक कहते हैं, हिंदुओं को भागीरथी में बहा देंगे। ये कौन सी भाषा बोल रहे हैं। बंगाल सरकार ने यहां हिंदुओं को दोयम दर्ज का नागरिक बनाकर रख दिया है।
पीएम मोदी बोले
प्रधानमंत्री बोले- संदेशखाली में दलित बहनों के साथ अत्याचार हो रहा था और यहां की सरकार आरोपी को बचाने में लगी हुई थी। वो भी सिर्फ इसलिए क्योंकि उसका नाम शाहजहां शेख है।PM ने कहा- विपक्ष के लोग दो फेज की वोटिंग के बाद मोदी के खिलाफ वोट जिहाद कर रहे हैं। जिहाद का मतलब देश की जनता अच्छे से समझती है।प्रधानमंत्री ने राहुल पर कहा- शहजादे को वायनाड से हार का डर है, इसलिए अमेठी से भागकर रायबरेली पहुंचे। वे सबको कहते हैं- डरो मत। मैं उनसे कहता हूं- डरो मत…भागो मत।
मोदी की स्पीच की 9 अहम बातें…
1. मुझे देश और आप सबने बहुत आशीर्वाद दिया
PM बोले- मुझे देश ने और आप सबने इतना आशीर्वाद दिया है। शायद कोई इंसान अपने जीवन में ऐसी कल्पना तक नहीं कर सकता है कि ईश्वर रूपी जनता जनार्दन इतने आशीर्वाद बरसाएं और लगातार बरसाएं और सालों-साल ये आशीर्वाद बढ़ता ही जा रहा है। जीवन में इससे बड़ा संतोष क्या होता है।
2. मैं मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ हूं
मोदी बोले- आप भी जानते हैं अगर पद-प्रतिष्ठा की लालसा हो तो एक बार इंसान PM की शपथ ले ले फिर उसके जीवन में ऊंचाई को प्राप्त हो ही जाती है, इतिहास में नाम दर्ज हो ही जाता है। लोगों को लगता है कि मोदी जी 2 बार PM रहे दुनिया में इतना नाम हो गया, अरे कभी तो आराम करो। मैं मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ हूं। मैं 140 करोड़ देशवासियों की सेवा करने के लिए निकला हूं।
3. TMC विधायक हिंदुओं को भागीरथी में बहाने की धमकी देते हैं
मोदी ने कहा- मैंने कल टीवी पर देखा कि TMC के एक विधायक कह रहे थे कि हिंदुओं को 2 घंटे में भागीरथी में बहा देंगे। ये कौन सी भाषा है? बंगाल में TMC की सरकार ने यहां हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बनाकर रख दिया है। ये कैसे लोग हैं कि जय श्रीराम के उदघोष से भी इन्हें आपत्ति है। इनको राम मंदिर के निर्माण से आपत्ति है, रामनवमी की शोभायात्रा से आपत्ति है।
4. संदेशखाली के गुनहगार को TMC बचाती रही
मोदी ने कहा- मैं TMC सरकार से पूछना चाहता हूं कि यहां संदेशखाली में हमारी दलित बहनों के साथ इतना बड़ा अपराध हुआ। पूरा देश कार्रवाई की मांग करता रहा, लेकिन TMC गुनहगार को बचाती रही। क्या सिर्फ इसलिए, क्योंकि उस गुनाहगार का नाम शाहजहां शेख था।
5. विपक्ष कहता है- मोदी के खिलाफ वोट जिहाद करो
PM बोले- इन वोट के भूखे लोगों की पहले 2 चरणों में लुटिया डूब चुकी है। अब ये खुलेआम एक नया खेल लेकर आए हैं। अब ये कहते हैं कि मोदी के खिलाफ वोट जिहाद करो। जिहाद क्या होता है, ये हमारे देश के लोग भली-भांति जानते हैं।
6. INDI अलायंस के सारे चट्टे-बट्टे वोट जिहाद से सहमत हैं
उन्होंने कहा- हमारे देश में दशकों से वोट जिहाद का खेल पर्दे के पीछे चुपचाप चलता था। पहली बार वो इतने हताश और निराश हो चुके हैं कि अब वोट जिहाद की सार्वजनिक घोषणा कर रहे हैं।इसीलिए, वोट जिहाद की इस अपील पर कांग्रेस का शाही परिवार, TMC और लेफ्ट का परिवार चुप है। यानी INDI अलायंस के सारे चट्टे-बट्टे वोट जिहाद से सहमत हैं।
7. कांग्रेस को तीन चुनौती दी
मैं पिछले 10 दिन से लगातार कांग्रेस को 3 चुनौतियां दे रहा हूं, लेकिन वो मौन होकर बैठ गए हैं। पहली- कांग्रेस और INDI गठबंधन वाले देश को लिखित में विश्वास दें कि वे धर्म के आधार पर आरक्षण में, संविधान में कोई भी परिवर्तन नहीं करेंगे।
दूसरी- ये लिखित में देश से वादा करें कि SC/ST, OBC का आरक्षण छीनकर धर्म के आधार पर किसी को नहीं बांटेंगे। तीसरी- वो लिखित में दें कि जहां इनकी राज्य सरकारें हैं, वहां OBC का कोटा काटकर, धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण नहीं दिया जाएगा।
8. कांग्रेस देश को बांटने के लिए चुनाव मैदान में
मोदी बोले- कांग्रेस इस बार पहले से भी कम सीटों पर सिमटने जा रही है। अब देश भी समझ रहा है कि ये लोग चुनाव जीतने के लिए नहीं लड़ रहे हैं, ये सिर्फ देश को बांटने के लिए चुनाव के मैदान का उपयोग कर रहे हैं।
9. शहजादे अमेठी से भागकर राबरेली पहुंचे
उन्होंने कहा- मैंने पहले ही ये भी बता दिया था कि शहजादे वायनाड में हार के डर से अपने लिए दूसरी सीट खोज रहे हैं। अब इन्हें अमेठी से भागकर रायबरेली सीट चुननी पड़ी है। ये लोग घूम-घूम कर सबको कहते हैं- डरो मत! मैं भी इन्हें यही कहूंगा- डरो मत! भागो मत!














