उमाकांत त्रिपाठी।जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला गुजरात की दो दिवसीय यात्रा पर थे। उनकी इस यात्रा की प्रधानमंत्री मोदी ने सराहना की।उन्होंने कहा कि- उनकी यह यात्रा एकता का महत्वपूर्ण संदेश देती है। साथ ही हमारे साथी भारतीयों को देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करने के लिए प्रेरित करेगी।जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनकी हालिया गुजरात यात्रा की प्रशंसा पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने जम्मू एवं कश्मीर की अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय एकता के लिए पर्यटन को महत्वपूर्ण बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने लिखा,कि-पीएम मोदी जी, मेरा दृढ़ विश्वास है कि यात्रा दायरा बढ़ाती है और मन को व्यापक बनाती है। यह जम्मू-कश्मीर में हमारे लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। पर्यटन हमारी अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें लाखों लोगों को रोजगार देने की क्षमता है। इसीलिए मैं और मेरे सहयोगी ज्यादा से ज्यादा भारतीयों को जम्मू-कश्मीर आने के लिए प्रेरित करने की कोशिश कर रहे हैं।
उमर अब्दुल्ला प्रधानमंत्री मोदी की पोस्ट का जवाब दे रहे थे। पीएम ने अहमदाबाद में हाल ही में आयोजित एक पर्यटन कार्यक्रम के दौरान साबरमती रिवरफ्रंट और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की उनकी यात्रा की सराहना की थी।पीएम मोदी ने लिखा था,कि- कश्मीर से केवडिया! श्री उमर अब्दुल्ला जी को साबरमती रिवरफ्रंट पर दौड़ का आनंद लेते और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने जाते देखकर अच्छा लगा। उनकी यह यात्रा एकता का एक महत्वपूर्ण संदेश देती है और हमारे साथी भारतीयों को भारत के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एक पोस्ट में लिखा कि- एक पर्यटन कार्यक्रम के लिए अहमदाबाद में रहते हुए मैंने यहां होने का लाभ उठाया। मैंने प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट पर सुबह की दौड़ लगाई। यह उन सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है जहां मैं दौड़ पाया हूं। इतने सारे अन्य पैदल यात्रियों और धावकों के साथ इसे शेयर करना मेरे लिए खुशी की बात थी। मैं अद्भुत अटल फुट ब्रिज के पास से भी दौड़कर गुजरा।
उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में प्रचारित करने के लिए गुजरात की दो दिवसीय यात्रा पर थे। खासकर 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के पर्यटन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।इस यात्रा के दौरान उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में घरेलू पर्यटकों का विश्वास बहाल करने और उन्हें वापस लाने के लिए टूर ऑपरेटरों और पर्यटन उद्योग के लोगों के साथ बातचीत की। उन्होंने गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल के साथ भी बैठक की।












