उमाकांत त्रिपाठी।पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह मन की बात के 113वें एपिसोड में कहा कि-परिवारवादी राजनीति नई प्रतिभाओं को दमन करती है। बिना पॉलिटिकल बैकग्राउंड वाले युवाओं का राजनीति में आने से लोकतंत्र मजबूत होगा।मैंने इस साल लालकिले से बिना पॉलिटिकल बैकग्राउंड वाले 1 लाख लोगों को पॉलिटिकल सिस्टम से जुड़ने की बात कही थी। इससे पता चला कि हमारे युवा राजनीति में आना चाहते हैं, लेकिन उन्हें सही मार्गदर्शन की जरूरत है।
परिवारवादी राजनीति के अलावा मोदी ने तिरंगा अभियान, बच्चों में न्यूट्रिशन को लेकर जागरूकता जैसे 5 बड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने IIT मद्रास के पूर्व छात्रों से स्पेस सेक्टर में स्टार्टअप को लेकर भी बात की।मध्य प्रदेश के झाबुआ में सफाईकर्मियों ने कचरे से हेलिकॉप्टर शेप का आर्टपीस बनाया। मोदी ने मन की बात में कहा- सफाईकर्मियों ने वेस्ट टू वेल्ट का संदेश दिया।
जानिए पीएम मोदी की स्पीच की 5 अहम बातें…
1. स्पेस सेक्टर को लेकर IIT मद्रास के स्टूडेंट से चर्चा की
PM मोदी ने कहा कि- इस 23 अगस्त को ही हम सब देशवासियों ने पहला नेशनल स्पेस डे मनाया। पिछले वर्ष इसी दिन चंद्रयान-3 ने चांद के दक्षिणी हिस्से में शिव-शक्ति पॉइंट पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की थी। भारत इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने वाला दुनिया का पहला देश बना।
मोदी ने गैलेक्सी-आई स्टार्टअप खड़ा करने वाले IIT मद्रास के स्टूडेंट से भी चर्चा की। स्टूडेंट ने स्टार्टअप शुरू करने की कहानी PM को बताई। स्टूडेंट ने कहा- हम लोग हाईपरलूप प्रोजेक्ट को लेकर एक साथ आए। हमने एक टीम बनाई, जिसका नाम अविष्कार हाईपरलूप रखा गया।स्टूडेंट ने कहा- इस प्रोजेक्ट को लेकर हम अमेरिका भी गए थे। स्टूडेंट ने बताया कि आने वाले समय में स्पेस सेक्टर को लेकर कई चीजें होने वाली हैं। अगले साल हम अपना सैटेलाइट स्पेस में भेजेंगे। इसमें हमारे स्टार्टअप ने भी कुछ काम किया है।
2. तिरंगा अभियान पर
हर घर तिरंगा और पूरा देश तिरंगा’ अभियान सफल रहा। देश के कोने-कोने से इस अभियान से जुड़ी अद्भुत तस्वीरें सामने आईं। घरों, स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी में हमने तिरंगा देखा। इस अभियान ने पूरे देश को एक सूत्र में बांधा। यही ‘एक भारत- श्रेष्ठ भारत’ है।
PM मोदी मन की बात कार्यक्रम में असम के हूलॉक गिब्बन बंदरों की बात की। उन्होंने कहा- बारेकुरी गांव में मोरान समुदाय के लोगों ने इन बंदरों के संरक्षण के लिए काम किया है। बंदरों ने बारेकुरी गांव को अपना बसेरा बना दिया है।
3. अरुणाचल में 3-D प्रिंटिंग की चर्चा
अरुणाचल में युवा-साथियों ने 3-D प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी का उपयोग करना शुरू किया है। क्योंकि वो, वन्य जीवों को सींगों और दांतों के लिए शिकार होने से बचाना चाहते हैं। नाबम बापू और लिखा नाना के नेतृत्व में ये टीम जानवरों के अलग-अलग हिस्सों की 3-D प्रिंटिंग करती है।
4. रक्षाबंधन और विश्व संस्कृति दिवस पर
हमने 19 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया। उसी दिन पूरी दुनिया में ‘विश्व संस्कृत दिवस’ भी मनाया। आज देश-विदेश में संस्कृत के प्रति लोगों का विशेष लगाव दिखता है। दुनिया के कई देशों में संस्कृत भाषा को लेकर तरह-तरह की रिसर्च और प्रयोग हो रहे हैं।
5. बच्चों के न्यूट्रिशन के लिए जागरूकता
हर साल 1 सितम्बर से 30 सितम्बर के बीच बच्चों के न्यूट्रिशन के लिए पोषण माह मनाया जाता है। जागरूकता बढ़ाने के लिए एनीमिया कैंप लगते हैं। आंगनवाड़ी के तहत मदर एंड चाइल्ड कमेटी की स्थापना की गई है। पिछले साल इस अभियान को नई शिक्षा नीति से भी जोड़ा गया।
22 भाषाओं में ब्रॉडकास्ट होता है मन की बात कार्यक्रम
मन की बात को 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी ब्रॉडकॉस्ट किया जाता है। इनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं।
मन की बात की ब्रॉडकास्टिंग आकाशवाणी के 500 से अधिक ब्रॉडकास्टिंग सेंटर द्वारा किया जाता है। मन की बात का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित हुआ था। पहले एपिसोड की टाइम लिमिट 14 मिनट थी। जून 2015 में इसे बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया था।
मोदी ने लालकिले से कहा था- राजनीति में फ्रेश ब्लड की जरूरत
15 अगस्त को लालकिले पर झंडा फहराने के बाद मोदी ने स्पीच में कहा था कि राजनीति में ऐसे नए लोगों को अवसर मिलना चाहिए जिनके परिवारों का पहले से कोई राजनीतिक बैकग्राउंड न हो।














