दिल्लीन्यूज़हेडलाइंस

विपक्ष का नेता बनने के बाद बढ़ गई राहुल गांधी की मुश्किलें, इस मामले कोर्ट ने दिया पेश होने का आदेश

उमाकांत त्रिपाठी। लोकसभा में विपक्ष का नेता बनने के बाद ही रायबरेली सांसद राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। दरअसल उत्तरप्रदेश की सुल्तानपुर कोर्ट ने उन्हें 2 जुलाई को पेश होने का आदेश दिया है। कोर्ट ने अमित शाह हेट स्पीच केस को लेकर बुधवार को सुनवाई की। इस दौरान जज ने राहुल के वकील से पूछा कि वह कहां हैं? वकील काशी प्रसाद शुक्ला ने बताया कि लोकसभा में स्पीकर पद का चुनाव है। इसलिए वह कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए। कोर्ट ने राहुल को 2 जुलाई को व्यक्तिगत रूप से हाजिर होने का आदेश दिया है।

ये था पूरा मामला
8 मई 2018 को बेंगलुरु में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह को हत्या का आरोपी कहा था। इसी के खिलाफ सुल्तानपुर के भाजपा नेता ने मानहानि का केस दर्ज किया था। इससे पहले इसी साल राहुल गांधी 20 फरवरी को कोर्ट में पेश हुए थे। केस 5 साल से चल रहा है। दिसंबर 2023 में MP/MLA कोर्ट के तत्कालीन जज ने राहुल गांधी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।

2018 में दिया था बयान
2018 में जब राहुल गांधी ने अमित शाह के खिलाफ बयान दिया था, उस वक्त शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। राहुल ने कहा था- भाजपा का अध्यक्ष हत्या का आरोपी है। तब सुल्तानपुर के बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने आरोप लगाया था कि 8 मई 2018 को बेंगलुरु में कर्नाटक चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने कहा था- “अमित शाह हत्या के आरोपी हैं। सुप्रीम कोर्ट ने जज लोया मामले में इसका उल्लेख किया। इसलिए मुझे नहीं लगता कि अमित शाह की कोई विश्वसनीयता है। जो पार्टी ईमानदारी और शुचिता की बात करती है, उसका अध्यक्ष हत्या का आरोपी है।”

जस्टिस लोया को लेकर था इशारा?
बता दें कि जस्टिस लोया के बेटे ने अपने पिता की मौत को नेचुरल बताया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी इसे सामान्य मौत बताते हुए मामले की SIT जांच से जुड़ी याचिका खारिज कर दी थी। जस्टिस बृजमोहन हरकिशन लोया की मौत दिसंबर 2014 में नागपुर में हुई थी। उस वक्‍त वह अपने एक साथी की बेटी की शादी में गए थे। जज लोया गुजरात के बहुचर्चित सोहराबुद्दीन शेख एनकाउंटर मामले की सुनवाई कर रहे थे। इसमें अमित शाह आरोपी थे।

 

Related Posts

हनीमून पर जा रहे कपल ने ट्रेन में की गंदी हरकतें, भड़के यात्रियों ने कहा- ये सब घर पर करो

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें…

1 of 780

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *