न्यूज़भारतहेडलाइंस

NCC कैडेट्स के कार्यक्रम में शामिल हुए PM मोदी, बोले- देश की नारी शक्ति को समर्पित है 75वां गणतंत्र दिवस

उमाकांत त्रिपाठी।
नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी NCC कैडेट्स के एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस साल का गणतंत्र दिवस परेड दो कारणों से खास है। पहला- यह 75वां गणतंत्र दिवस होगा और दूसरा- यह देश की नारी शक्ति को समर्पित है।
PM मोदी ने वहां मौजूद कैडेट्स से कहा कि आपकी जेनरेशन को genZ (जेन जी) कहा जाता है, लेकिन मैं आपको अमृत पीढ़ी कहूंगा। आप देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। बता दें कि जेन जी 1995 से 2009 के बीच पैदा हुए लोगों को कहा जाता है।
PM ने आगे कहा कि आज राष्ट्रीय बालिका दिवस है। बेटियों में समाज और देश को बेहतर बनाने की क्षमता होती है। इतिहास के अलग-अलग दौर में भारत की बेटियों ने अपने फौलादी इरादों और समर्पण की भावना से कई बड़े परिवर्तनों की नींव रखी है।

साथ ही PM ने बिहार के पूर्व CM कर्पूरी ठाकुर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि कल देश ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने का बड़ा निर्णय लिया है। युवाओं को उनके बारे में पढ़ना चाहिए। कर्पूरी ठाकुर हमेशा अपनी सादगी के लिए जाने जाते रहे। उनका पूरा जीवन सामाजिक न्याय और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। आज भी उनकी ईमानदारी की मिसाल दी जाती है।

20 जनवरी को NCC कैडेट्स से मिले थे राजनाथ
NCC कैडेट्स का एक महीने का गणतंत्र दिवस कैंप चल रहा है। 20 जनवरी को कैडेट्स के बीच रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा- “एनसीसी युवाओं में न केवल राष्ट्रीयता, बल्कि राष्ट्रीय गौरव की भावना भी जगाता है। राष्ट्रीय गौरव मानव हृदय की सबसे मजबूत भावना है।

परेड के लिए 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 2274 कैडेट एक महीने तक चलने वाले राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) गणतंत्र दिवस कैंप 2024 में भाग ले रहे हैं। इनमें 907 लड़कियां है।

गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान 16 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और 9 मंत्रालयों और विभागों की 25 झांकियां शामिल होंगी। इन राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, मणिपुर, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, लद्दाख, तमिलनाडु, गुजरात, मेघालय, झारखंड, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना का नाम है।
परेड की दो प्रमुख थीम- ‘विकसित भारत’ और ‘भारत-लोकतंत्र की मातृका’
75वें गणतंत्र दिवस पर कर्तव्यपथ पर होने वाली परेड महिला-केंद्रित होगी। ‘विकसित भारत’ और ‘भारत-लोकतंत्र की मातृका’ नाम की इसकी दो प्रमुख थीम होंगीं। मेजर जनरल सुमित मेहता ने बताया कि पहली बार ऑल-विमेन ट्राई-सर्विस कंटिंन्जेंट परेड में हिस्सा लेगा। इसमें सेना, वायुसेना और नौसेना की 60 महिला अफसर शामिल होंगी।

गणतंत्र दिवस की इस बार की थीम नारी शक्ति है। इसलिए कई वुमन लीडरशिप वाले दल भाग ले रहे हैं, चाहे वह बैंड हो, ट्राई-सर्विस हो, ये पहली बार भाग ले रहा है। ट्राई-सर्विस की टुकड़ी का नेतृत्व भारतीय सेना की कैप्टन शरण्या राव करेंगी।

शरण्या ने कहा- मैं सुपरन्यूमररी ऑफिसर हूं, और ट्राई-सर्विस टुकड़ी का नेतृत्व करूंगी। यह गर्व की बात है, क्योंकि इतिहास में पहली बार, एक ट्राई-सर्विस दल मार्च करेगा।
पहली बार सीमा सुरक्षा बल (BSF), CISF का भी ऑल वुमन मार्चिंग और ब्रास बैंड गणतंत्र दिवस परेड में शामिल हो रहा है।
भारतीय वायुसेना के 144 सदस्यों वाले मार्चिंग दस्ते का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर रश्मि ठाकुर करेंगी। स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव, स्क्वाड्रन लीडर प्रतीति अहलूवालिया और फ्लाइट लेफ्टिनेंट कीर्ति रोहिल भी इस दस्ते का हिस्सा होंगी।
फ्लाईपास्ट में 29 लड़ाकू जेट समेत 51 सैन्य विमान शामिल होंगे, जिनमें से कुछ को महिला पायलट ऑपरेट करेंगी। 6 लड़ाकू पायलटों समेत पंद्रह महिला पायलट फ्लाईपास्ट में हिस्सा लेंगी। वे राफेल, सुखोई-30 और मिग-29 उड़ाएंगी।
दो महीने पहले एयरमैन ट्रेनिंग स्कूल बेलगावी, कर्नाटक से पास हुईं अग्निवीरवायु (महिलाएं) भी परेड में हिस्सा लेंगी। अग्निवीरों की त्रि-सेवा मार्चिंग टुकड़ी में 144 महिलाएं शामिल होंगी, जिनकी औसत उम्र बमुश्किल 20 साल है।

सुबह 10:30 बजे विजय चौक से कर्तव्य पथ जाएगी परेड
यह परेड सुबह 10:30 बजे विजय चौक से कर्तव्य पथ तक जाएगी। दिल्ली के एरिया कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार परेड कमांडर होंगे। परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन योगेंद्र यादव और सूबेदार मेजर संजय कुमार इस परेड में हिस्सा लेंगे। इस साल की परेड का प्रमुख आकर्षण ‘आह्वान’ होगा, जिसमें शंखनाद होगा। इस साल महिलाओं की हिस्सेदारी बहुत ज्यादा होगी। 13 हजार लोगों को परेड देखने के लिए इनवाइट किया गया है।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस बार परेड में फ्रांसीसी सेना की 95 जवानों वाली मार्चिंग कंटिन्जेंट, 33 जवानों का बैंड और फ्रांसीसी वायुसेना के राफेल जेट और मल्टीरोल टैंकर ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट शामिल होंगे। शनिवार को इन सभी ने परेड की रिहर्सल की। परेड में इस बार फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों शामिल हो रहे हैं।
भारतीय सेना भी 14 जुलाई 2023 को फ्रांस की बास्तील डे परेड में शामिल हुई थी। इसका नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव ने किया था। बास्तील डे परेड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

 

Related Posts

हनीमून पर जा रहे कपल ने ट्रेन में की गंदी हरकतें, भड़के यात्रियों ने कहा- ये सब घर पर करो

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें…

नशे में डूबी लड़िकयों ने पब में बैठकर की गंदी हरकत, वीडियो वायरल हुआ तो भड़के लोग

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें…

1 of 768

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *