उमाकांत त्रिपाठी। आज राजस्थान के 33 जिलों के 199 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। पोलिंग बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारे देखने मिल रही हैं। राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से 199 पर मतदान हो रहा है, बीजेपी कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने सुबह-सुबह ही मतदान कर दिया है। राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी मतदान किया। वोट डालने के बाद पूर्व सीएम राजे ने कांग्रेस पर हमला करते हुए सवाल किया है कि कांग्रेस ने कौन से वादे पूर किए? वहीं वोटिंग से पहले सीएम गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार ने जनता को जो गारंटियां दी है और जो विकास किया है पिछले 5 सालों में, जनता उसको देखते हुए हमारी सरकार को दोबारा चुनेगी। राज्य में बीजेपी और कांग्रेस नेता अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।

क्या बोलीं वसुंधरा राजे?
वसुन्धरा राजे ने झालावाड़ जिले की झालरापाटन विधानसभा सीट पर मतदान के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी की पार्टी कांग्रेस ने कौन से वादे पूरे किए हैं। उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी ने जो भी वादे किए वह पूरे किए हैं। राम मंदिर जैसे महत्वपूर्व मुद्दों को बीजेपी ने हल किया है।

क्या बोले सीएम अशोक गहलोत?
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सरदारपुरा में मतदान किया। वोट डालने से पहले गहलोत परिवार के साथ अपने पुराने घर पहुंचे, वोट देने के बाद गहलोत ने कहा- केरल में 70 साल से कांग्रेस और सीपीआई(एम) बारी-बारी से सत्ता में आती थी, लेकिन इस बार सीपीआई (एम) की सरकार दोबारा बनी, क्योंकि उन्होंने अच्छा काम किया। ऐसे ही लोग समझते हैं कि, कोविड के दौरान हमने अद्भुत काम किया। हमारे भीलवाड़ा मॉडल की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हुई, अगर हम देखें लोगों के मूड से तो यह समझ आता है कि, उन्हें हमारा शासन और योजनाएं पसंद आई हैं।

क्या बोले सचिन पायलट?
राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने महात्मा गांधी रेजिडेंसी स्कूल, सी स्कीम गांधीनगर जयपुर में मतदान किया। सचिन पायलट ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस बार रिवाज बदलेगा। मैं उम्मीद करता हूं कि प्रदेश के सभी मतदाता वोट डालेंगे। मैं उम्मीद करता हूं कि इस बार अच्छा निर्णय जनता देगी। मुझे लगता है इस बार जनता चाहती है कि कांग्रेस पार्टी की सरकार दोबारा बने और बीजेपी के पांच साल में जो विपक्ष के तौर पर प्रदर्शन रहा है। उसे भी लोग देख रहे हैं।

बदलेगा रिवाज या रहेगा राज?
राजस्थान में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है. 1993 में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद से हर पांच साल में यहां सरकार बदलने का रिवाज रहा है। इस दौरान कांग्रेस और बीजेपी की सरकारें ही बनती रही हैं, इसलिए बीजेपी नेता उम्मीद लगाए हैं कि इस बार भी यह रिवाज जारी रहा तो सत्ता की बागडोर बीजेपी के हाथ आएगी। वहीं, कांग्रेस को उम्मीद है कि करीब तीन दशक से चला आ रहा यह रिवाज इस बार बदलेगा।














