न्यूज़भारतराजनीतिहेडलाइंस

मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में शामिल हुए गृहमंत्री अमित शाह, सीएम योगी ने ओढ़ाया शॉल, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

उमाकांत त्रिपाठी। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने की। इस अहम बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। बैठक की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमित शाह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद योगी ने मोहन यादव और पुष्कर सिंह धामी से भी चर्चा की।

बैठक में कानून-व्यवस्था, नक्सल उन्मूलन और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में हुए बदलावों और सुरक्षा व्यवस्था के मॉडल को बैठक में प्रस्तुत किया। उन्होंने सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली जैसे जिलों में नक्सलवाद खत्म करने के लिए चलाए गए अभियानों और वहां के हालात में आए बदलाव की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री योगी ने नेपाल सीमा से जुड़े जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है और सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल मजबूत किया गया है।

बैठक में आदिवासी समुदायों के विकास और कल्याण योजनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री योगी ने सोनभद्र, बलिया, गोरखपुर, देवरिया और गाजीपुर में आदिवासी समाज के लिए चलाए जा रहे विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासी समुदायों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

बैठक में राज्यों के बीच इंटेलिजेंस शेयरिंग, अंतरराज्यीय विवादों के समाधान और डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने पर भी फोकस रखा गया। साथ ही रेल नेटवर्क के अपग्रेडेशन और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।

मध्य क्षेत्रीय परिषद की इस बैठक में राज्यों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने और विकास योजनाओं को तेजी से लागू करने पर सहमति बनी। बैठक को सुरक्षा, विकास और समन्वय के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

 

Related Posts

Nehal Vadoliya Bold Industry: वृंदावन में शूट की गंदी फिल्म-खाया नॉनवेज, पछताई एक्ट्रेस ने किया सबसे बड़ा खुलासा

टीवी और ओटीटी की बोल्ड भूमिकाओं से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री नेहल वडोलिया ने…

1 of 878

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *