उमाकांत त्रिपाठी। लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब किसी देश को लोकप्रिय, दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व मिलता है तो उसके सकारात्मक परिणाम सामने आने में देर नहीं लगती। वर्ष 2014 के बाद देश और दुनिया ने बदलते भारत को देखा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए बिना रुके और बिना डिगे अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता से पहले भारतीयों की आजादी को कुचला गया और स्वतंत्रता के बाद भी समाज को मत, मजहब और संप्रदाय के आधार पर बांटने का प्रयास किया गया। लेकिन पहली बार देश ने ऐसी सरकार देखी जिसने केवल योजनाएं बनाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें जनआंदोलन का रूप देकर सफल क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को पक्का घर मिला है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरतमंद लोगों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया गया है। मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और अन्य योजनाओं के जरिए युवाओं और नए उद्यमियों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिले हैं। योगी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने आस्था और अर्थव्यवस्था के अद्भुत संगम को भी देखा है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार देश के सामने चार प्रमुख वर्गों को विकास का केंद्र बनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के अनुसार देश की सबसे बड़ी प्राथमिकता गरीब, महिलाएं, युवा और अन्नदाता किसान हैं। इन चारों वर्गों के उत्थान के लिए जो योजनाएं बनाई गईं और जिस प्रकार उनका क्रियान्वयन हुआ, वह अभूतपूर्व है।
उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में देश की कमान संभाली थी, तब भारत की आबादी करीब 120 करोड़ थी। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के परिणामस्वरूप लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता मिली है। योगी ने कहा कि इसका सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश अराजकता, असुरक्षा, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के लिए जाना जाता था। राज्य के युवाओं को रोजगार और पहचान के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के विजन और केंद्र सरकार की योजनाओं के कारण उत्तर प्रदेश आज विकास, निवेश और रोजगार के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिष्ठा मजबूत की है और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ा है। यह बदलाव केवल नीतियों का परिणाम नहीं, बल्कि देशवासियों की सहभागिता और नेतृत्व के प्रति विश्वास का भी प्रमाण है।














