न्यूज़भारत

पद्म अवॉर्ड के लिए कोई भी कर सकता है आवेदन, 15 सितंबर है आखिरी डेट

गणतंत्र दिवस, 2023 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कार 2023 के लिए ऑनलाइन नामांकन/अनुशंसा जमा करने की प्रक्रिया 1 मई 2022 से शुरू हो गई है।

पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 15 सितंबर, 2022 है। पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन/अनुशंसा के आवेदन केवल ऑनलाइन तरीके से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (https://awards.gov.in ) पर जमा किए जा सकते हैं।

पद्म पुरस्कार, अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री, देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से हैं। 1954 में स्थापित, इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। ये पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, सार्वजनिक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग आदि क्षेत्रों/विषयों से जुड़े ‘विशिष्ट कार्य’ को मान्यता देते हैं और इन क्षेत्रों/विषयों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवाओं के लिए प्रदान किए जाते हैं। जाति, व्यवसाय, पद या लिंग आधारित भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति इन पुरस्कारों के पात्र होते हैं। डॉक्टरों और वैज्ञानिकों के सिवाय, सार्वजनिक उपक्रमों में कार्यरत कर्मचारी समेत सभी सरकारी कर्मचारी पद्म पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होते हैं।

सरकार पद्म पुरस्कारों को “लोगों का पद्म” के रूप में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। अत: सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे स्वयं के नामांकन सहित अन्य लोगों के लिए नामांकन/अनुशंसा करें। उन प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करने के लिए ठोस प्रयास किए जायेंगे, जो महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग समुदाय से संबंधित हैं और जो समाज की नि:स्वार्थ सेवा कर रहे हैं तथा जिनकी उत्कृष्टता और उपलब्धियों को वास्तव में मान्यता दी जानी चाहिए।

नामांकन/अनुशंसा में उपरोक्त पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में निर्दिष्ट सभी प्रासंगिक विवरण दिए जाने चाहिए तथा इसके साथ वर्णनात्मक रूप में एक उद्धरण (अधिकतम 800 शब्द) भी शामिल होना चाहिए, जिसमें उनके द्वारा अनुशंसित व्यक्ति की संबंधित क्षेत्र/विषय में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों/सेवा की व्याख्या स्पष्ट रूप में की गई हो।

इस संबंध में विस्तृत विवरण गृह मंत्रालय की वेबसाइट (https://mha.gov.in) पर ‘पुरस्कार और पदक’ शीर्षक के तहत तथा पद्म पुरस्कार पोर्टल (https://padmaawards.gov.in) पर भी उपलब्ध हैं। इन पुरस्कारों से संबंधित क़ानून और नियम वेबसाइट के लिंक https://padmaawards.gov.in/AboutAwards.aspx पर उपलब्ध हैं।

Related Posts

हनीमून पर जा रहे कपल ने ट्रेन में की गंदी हरकतें, भड़के यात्रियों ने कहा- ये सब घर पर करो

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें…

1 of 741

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *