देश भर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। एक एक कर सभी लोग चाहे वो आम हों या खास सभी इसकी चपेट में आ रहे हैं। इसी कड़ी में एक नया नाम जुट गया है कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का। जो कोरोना से संक्रमित हो गए हैं।
राहुल ने ट्वीटर पर बताया कि, ‘मामूली लक्षण दिखाई देने के बाद जांच कराया, जिसमें कोरोना से संक्रमित होने का पता चला’। उन्होंने आगे लिखा कि जो लोग भी हाल के दिनों में उनके संपर्क में आए हों, कृपया कर सभी सेफ्टी प्रोटोकॉल का पालन करें और सुरक्षित रहें। जिसपर पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
आपको बता दें कि राहुल गांधी लगातार चुनावी रैलियां कर रहे थे, लेकिन हाल ही में बिगड़ते हालात को देख उन्होंने बंगाल में अपनी रैली रद्द करने की घोषणा की थी। इसके अलावे राहुल ने केरल, असम और पश्चिम बंगाल में रैली की थी। पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लोकसभा सांसद राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य और जल्द ठीक होने की कामना की है।
इसके अलावा दिग्गज कांग्रेसी नेता पी. चिदंबरम ने भी राहुल गांधी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने लिखा, ‘जानकारी मिली है कि राहुल गांधी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं और खुद को उन्होंने आइसोलेट कर लिया है। बहुत चिंतित हूं और उनके शीघ्र स्वस्थ्य ठीक होने की कामना करता हूं।’
बतातें चले कि कई और कांग्रेसी दिग्गज भी कोविड-19 की चपेट में आ गए हैं।
आनंद शर्मा का कोविड टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें गुरुग्राम के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया है।
जबकि कांग्रेस के दिग्गज नेता और देश के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह एक दिन पहले ही कोविड पॉजिटिव पाए गए थे। 88 वर्षीय मनमोहन सिंह को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। ट्रॉमा सेंटर को कोविड के उपचार केंद्र के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। सिंह को सोमवार सुबह हल्का बुखार था और बाद में जांच में उनके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। सिंह की हालत स्थिर है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।














