क्रिकेट

विराट वह खिलाड़ी हैं, जिन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले को एकतरफा कर दिया

IPL 2023 की सबसे खूबसूरत तस्वीर….! मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा RCB के सबसे बड़े बल्लेबाज को जीत की बधाई दे रहे हैं। वह भी तब, जब लगातार दसवें सीजन मुंबई इंडियंस अपना पहला मुकाबला इसी खिलाड़ी के कारण हार गई। इस पर लोग कहेंगे कि मुंबई के लिए पहला मैच हारना लकी होता है। उसके बाद वह टूर्नामेंट जीत जाती है। अगर कप्तान के नजरिए से देखिएगा, तो मामला इतना आसान नहीं होता। हर टीम को 14 मुकाबले खेल कर प्लेऑफ की खातिर कम से कम 9 जीत अपने नाम करनी होती है। ऐसे में हर मैच का अपना महत्त्व होता है। कोई टीम किसी भी सूरत में मैच हारना नहीं चाहती। रोहित के चेहरे पर हार की मायूसी साफ झलक रही है।

 

 

इस तस्वीर को सिर्फ रोहित और विराट की बॉन्डिंग के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। यहां पर विराट वह खिलाड़ी हैं, जिन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले को एकतरफा कर दिया। 49 गेंद…82* रन! 6 चौके और 5 छक्के…! 167 का स्ट्राइक रेट। इस पारी में बॉल वन से ही विराट आत्मविश्वास से भरे हुए दिखाई पड़ रहे थे। वह जिस तरीके से मिडिल ऑफ द बैट से गेंदों को खेल रहे थे, फैंस को 2016 वाला विराट कोहली बड़ी शिद्दत से याद आ रहा था। उस साल विराट ने 973 रन जड़ दिए थे। तब विराट ने एक ही सीजन में 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए थे। एवरेज 81 रहा था और स्ट्राइक रेट 152…! उस साल विराट को देखकर पूरा क्रिकेट जगत स्तब्ध रह गया था।

 

 

विराट ने MI के खिलाफ अरशद खान के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर फ्लिक शॉट खेलकर चौका लगाया और अपनी बाउंड्री का सिलसिला शुरू किया। फिर विराट ने अरशद के 17वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाया और दूसरी गेंद पर धोनी के अंदाज में छक्का लगाकर मैच खत्म कर दिया। अब आप कहेंगे भला विराट ने धोनी के अंदाज में छक्का कैसे लगाया। ठीक 12 साल पहले 2 अप्रैल 2023 को महेंद्र सिंह धोनी ने वर्ल्ड कप 2011 के फाइनल में छक्का लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई थी। वह शॉट भी लॉन्गऑन बाउंड्री के ऊपर से गया था। ठीक उसी रात लगभग उसी अंदाज में छक्का जड़कर विराट ने बेंगलुरु को जीत का तोहफा दिया। इस मैच में विराट ने जोफ्रा आर्चर की भी तबीयत से कुटाई की।

 

 

विराट कोहली और रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े बल्लेबाज हैं। ऐसे में उनके बीच इस तरह की बॉन्डिंग देखना फैंस को सुकून देता है। वह भी तब, जब इन्हीं दोनों के कंधों पर इस वर्ष टीम इंडिया को पहले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और फिर वनडे वर्ल्ड कप जिताने की जिम्मेदारी है। रोहित शर्मा की टीम 8 विकेट से मुकाबला जरूर हार गई, लेकिन मुंबई वापसी करने के लिए जानी जाती है। थोड़ा टीम कॉम्बिनेशन सटीक नहीं बैठा और टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी नहीं उठाई। पर यह तो पहला ही मैच था। जीत- हार के इतर इस तस्वीर पर निगाह डालिए। यह तस्वीर बेंगलुरु की जीत से और मुंबई की हार से कहीं ज्यादा बड़ी है। यह भारतीय क्रिकेट की ऐतिहासिक तस्वीर है। इसे कोई सैकड़ों साल बाद भी देखेगा, तो उसके होठों पर मुस्कान तैर जाएगी।

Related Posts

गोल्ड मेडल के लिए भारत-पाकिस्तान की टक्कर, जानें कब-कहां देखें एशियन गेम्स फाइनल लाइव

ख़बर इंडिया की।एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट के गोल्ड मेडल मुकाबले का मंच…

रोहित शर्मा को इस वजह से छोड़ना पड़ेगा क्रिकेट? वनडे वर्ल्डकप का सपना कैसे होगा पूरा

खबर इंडिया की।क्रिकेट के मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर Rohit…

पाकिस्तान की इस खूबसूरत क्रिकेटर ने अचानक लिया संन्यास… अब शुरू की नई इनिंग्स

खबर इंडडिया की।पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज कायनात इम्तियाज ने…

‘उस हार ने मुझे अंदर से तोड़ दिया…’, विराट कोहली का छलका दर्द, इस मैच को याद कर हुए इमोशनल

खबर इंडिया की।वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे से पहले जियोस्टार से बातचीत में…

1 of 52

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *