अमित शाह फेक वीडियो केस में कांग्रेस का हाथ, पार्टी का एक कार्यकर्ता हुआ गिरफ्तार; जानें पूरा मामला

अमित शाह फेक वीडियो केस में कांग्रेस का हाथ, पार्टी का एक कार्यकर्ता हुआ गिरफ्तार; जानें पूरा मामला

उमाकांत त्रिपाठी।दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के फेक वीडियो मामले में शुक्रवार को कांग्रेस के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरुण रेड्डी के रूप में की गई है। वह तेलंगाना में कांग्रेस के सोशल मीडिया विंग का नेशनल कोऑर्डिनेटर है।

दिल्ली पुलिस बोली
दिल्ली पुलिस ने बताया कि अरुण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्पिरिट ऑफ कांग्रेस नाम का अकाउंट चलाता है। उसने अमित शाह का फेक वीडियो फैलाने में अहम भूमिका निभाई। आरोपी ने अपने फोन से अहम सबूत भी डिलीट किए हैं। उसके फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।इससे पहले गुरुवार को तेलंगाना पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस के 5 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। इनमें कांग्रेस के तेलंगाना सोशल मीडिया संयोजक भी शामिल हैं। राज्य की भाजपा यूनिट ने इनके खिलाफ शिकायत की थी।

क्या है अमित शाह का फेक वीडियो मामला?
27 अप्रैल को सोशल मीडिया पर अमित शाह का एक फेक वीडियो वायरल हुआ था। इसे तेलंगाना कांग्रेस और CM रेवंत रेड्डी ने शेयर किया था। इसमें वे SC-ST और OBC के आरक्षण को खत्म करने की बात करते दिख रहे हैं।PTI की फैक्ट चैक यूनिट ने कहा कि मूल वीडियो में अमित शाह ने तेलंगाना में मुसलमानों के लिए असंवैधानिक आरक्षण हटाने की बात कही थी। इस मामले को लेकर 28 अप्रैल को दिल्ली पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की। पुलिस ने तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी को भी तलब किया है। हालांकि, रेड्डी ने जवाब देने के लिए चार हफ्ते का समय मांगा है।

अहमदाबाद से 2, असम से 1 की हुई थी गिरफ्तारी
शाह के फेक वीडियो केस में 30 अप्रैल को गुजरात के अहमदाबाद से भी 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक का नाम सतीश वंसुला है और दूसरे का नाम आरबी बारिया है। वंसुला विधायक जिग्नेश मेवाणी के PA हैं और बारिया AAP कार्यकर्ता हैं। इससे पहले सोमवार 29 अप्रैल को असम से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।पुलिस ने इस केस में झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश राज्यों के कई राजनीतिक दलों के लगभग 22 लोगों को नोटिस दिया है। इन सभी को गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल यूनिट की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) के सामने पेश होने कहा गया है। हालांकि, गुरुवार को किसी भी राजनीतिक दल का कोई सदस्य पेश नहीं हुआ था।

तेलंगाना CM को दोबारा भेजा जाएगा नोटिस
शाह के फर्जी वीडियो को अपलोड और शेयर करने के मामले में दिल्ली पुलिस, तेलंगाना कांग्रेस के सदस्यों को दूसरा नोटिस जारी कर सकती है। तेलंगाना कांग्रेस के चार सदस्य बुधवार को IFSO ऑफिस नहीं पहुंचे थे।तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) के चार सदस्यों – शिव कुमार अंबाला, अस्मा तसलीम, सतीश मन्ने और नवीन पेटम को CrPC की धारा 91 और 160 के तहत समन जारी किए गए हैं।हालांकि, अगर किसी शख्स को CrPC की धारा 160/91 के तहत नोटिस दिया जाता है, तो वह शख्स या तो खुद जांच अधिकारी के सामने पेश हो सकता है या अपना कानूनी प्रतिनिधि भेज सकता है।बुधवार को रेड्डी के वकील जांच अधिकारी के सामने हाजिर हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता का शाह के भाषण का फेक वीडियो बनाने या पोस्ट करने से कोई लेना-देना नहीं है।