मध्य प्रदेशअपराधन्यूज़भारतमनोरंजनहेडलाइंस

Indore Murder: चाकू मारे, लाश टंकी में डाली… शादी के 24वें दिन जेठानी ने किया नई नवेली दुल्हन का मर्डर, इस बात से नाराज थी

इंदौर के राऊ थाना इलाके में एक नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, जेठानी ने अपनी देवरानी की गर्दन पर चाकू से दो वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के बाहर बनी पानी से भरी हौज में डाल दिया और अपने अस्पताल में भर्ती पति से मिलने चली गई।

मृतका की पहचान वंदना कुशवाह के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए शुक्रवार को आरोपी जेठानी पार्वती बाई कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया। वंदना की शादी महज कुछ सप्ताह पहले ही हुई थी। उसने 11 अगस्त को उपेंद्र पटेल से प्रेम विवाह किया था।

वारदात गुरुवार को राऊ के नेहरू नगर इलाके में हुई। पुलिस को घटना की सूचना पड़ोसियों से मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के बाहर बनी पानी की हौज से वंदना का शव बरामद किया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।

रक्षाबंधन पर भाई को लेकर किया था कमेंट, तभी से था विवाद

पुलिस की जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पार्वती बाई का भाई दुष्कर्म के एक मामले में दमोह जेल में बंद है। रक्षाबंधन के दिन वंदना ने पार्वती के भाई को लेकर कथित तौर पर कमेंट किया था।

इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, गुरुवार को एक बार फिर दोनों महिलाओं के बीच कहासुनी हो गई।

पुलिस के मुताबिक, बहस के दौरान वंदना ने पार्वती से कहा कि उसका पति उसके कहने में है और वह पार्वती, उसके पति और बच्चों को घर से निकलवा देगी। इसी बात पर पार्वती गुस्से में आ गई।

आरोप है कि उसने घर की रसोई से चाकू उठाया और वंदना की गर्दन पर लगातार दो वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से वंदना की मौत हो गई।

घटना के समय पार्वती के बच्चे स्कूल गए हुए थे। उसका पति भूपेंद्र और वंदना का पति उपेंद्र अस्पताल में मौजूद थे।

पड़ोसियों ने सुनी चीख, पुलिस को दी सूचना

घटना के दौरान पड़ोसियों ने वंदना के चीखने की आवाज सुनी थी। कुछ देर बाद जब घर से कोई हलचल नजर नहीं आई तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर के बाहर बनी पानी की हौज में वंदना का शव मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में पार्वती घर से बाहर निकलती हुई दिखाई दी थी। इसके बाद पुलिस का शक उस पर गहराता गया।

मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ में टूट गई आरोपी

डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और दूसरे सुरागों के आधार पर पुलिस ने पार्वती से पूछताछ शुरू की।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के दौरान मनोवैज्ञानिक तरीके का इस्तेमाल किया। उसे बताया गया कि चाकू पर उसके फिंगरप्रिंट मिले हैं और अब उसके बचने की कोई गुंजाइश नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद पार्वती टूट गई और उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब मामले में हत्या में इस्तेमाल चाकू और अन्य सबूतों की भी जांच की जा रही है।

11 अगस्त को हुई थी वंदना और उपेंद्र की लव मैरिज

पुलिस जांच में वंदना और उपेंद्र की शादी की कहानी भी सामने आई है। दोनों के परिवार राऊ के नेहरू नगर इलाके में आसपास रहते थे। पड़ोस में रहने के दौरान दोनों की दोस्ती हुई और बाद में प्रेम संबंध बन गए।

बताया गया कि उपेंद्र के परिवार में नशे की आदत को लेकर वंदना के परिजन उससे शादी के पक्ष में नहीं थे। इसी वजह से उपेंद्र ने नेहरू नगर छोड़कर राजनगर में किराए का मकान ले लिया था।

इसके बाद 11 अगस्त को वंदना बिना बताए घर से निकल गई और मंदिर में उपेंद्र के साथ शादी कर ली। बेटी के लापता होने के बाद उसके परिवार ने चंदन नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

बाद में पुलिस के सामने वंदना ने उपेंद्र के साथ रहने की बात कही। इसके बाद दोनों उपेंद्र के घर में ही रहने लगे।

दोनों भाई फुटपाथ पर लगाते हैं दुकान

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पार्वती का पति भूपेंद्र फुटपाथ पर कपड़ों की दुकान लगाता है, जबकि उसका भाई उपेंद्र जूते की दुकान चलाता है।

वंदना के पिता धर्मेंद्र पेशे से ड्राइवर हैं। परिवार के मुताबिक, वंदना के एक भाई की करीब तीन साल पहले एसिड पीने के कारण मौत हो गई थी।

पिता ने पुलिस को बताया कि 12 अगस्त को थाने में बयान देने के बाद उनकी बेटी वंदना से उनकी दोबारा बात नहीं हुई थी। अब बेटी की हत्या की खबर मिलने के बाद परिवार सदमे में है।

पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, आरोपी के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Related Posts

1 of 904

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *