उमाकांत त्रिपाठी। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुवैत रवाना हो गए हैं। पीएम मोदी के दो दिवसीय दौरा कई मायनों में अहम है। पीएम मोदी कुवैत के शेख मेशाल अल अहमद अल जबार अल सबाह के बुलावे पर कुवैत गए हैं। यह बीते 43 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला कुवैत दौरा है।
पीएम मोदी ने किया पोस्ट
कुवैत रवाना होने से पहले सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि ‘भारत और कुवैत न केवल व्यापार और ऊर्जा साझेदार हैं, बल्कि पश्चिम एशिया में शांति, सुरक्षा और स्थिरता में भी उनकी साझा रुचि है। हम कुवैत के साथ ऐतिहासिक संबंधों को बहुत महत्व देते हैं, जो पीढ़ियों से चले आ रहे हैं।’
ये रहेगा पीएम का शेड्यूल
प्रधानमंत्री ने लिखा कि इस दौरे से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री कुवैत के अमीर, युवराज और प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। आज कुवैत पहुंचने के बाद पीएम मोदी शाम में भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात करेंगे। कुवैत में पीएम मोदी अरैबियन गल्फ कप के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे।
इंदिरा गांधी ने भी किया था दौरा
पीएम मोदी के इस दौरे से पहले साल 1981 में दिवंगत पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने कुवैत का दौरा किया था। साल 2009 में तत्कालीन उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने भी कुवैत का दौरा किया था। भारत और कुवैत के ऐतिहासिक व्यापारिक संबंध रहे हैं। कुवैत में तेल की खोज होने से पहले भारत और कुवैत के बीच खजूर और घोड़ों का व्यापार होता था। ये व्यापार भारत के पश्चिमी बंदरगाहों से होता था














