भारत के पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह का बृहस्पतिवार को गुड़गांव में कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से निधन हो गया। वह 82 साल के थे।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पुत्र और देश के कद्दावर किसान नेता अजित सिंह 20 अप्रैल को कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे।
उनके बेटे और मथुरा के पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने अपने पिता की एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया, ‘चौधरी साहब नहीं रहे।’
परिवार की ओर से एक संदेश में उन्होंने कहा, ‘चौधरी अजित सिंह 20 अप्रैल को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। उन्होंने आखिरी सांस तक इस महामारी से मुकाबला किया और आज सुबह 6 मई 2021 को आखिरी सांस ली।’
जयंत ने कहा, ‘अपने पूरे जीवनकाल में चौधरी साहब को आपका भरपूर प्यार और सम्मान मिला। आप सभी के साथ यह संबंध उनके लिए प्रिय थे और उन्होंने आपके कल्याण के बारे में हमेशा सोचा और कोशिश की।’
उन्होंने कहा, ‘हमारा देश भयावह महामारी से गुजर रहा है। इसलिए मेरा उन सभी से अनुरोध है जो उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने को इच्छुक हैं, कृपया अपने घरों में रहें। हम सभी सुरक्षा नियमों का अनुपालन करें, ताकि हम खुद और आसपास के सभी लोग स्वस्थ और सुरक्षित रहें। यह चौधरी साहब के प्रति बेहतरीन सम्मान होगा और साथ-साथ कोरोना योद्धाओं के लिए भी, जो दिन रात हमारी रक्षा के लिए काम कर रहे हैं।’














