भारतहेडलाइंस

पीएम मोदी ने तौकते से हुए तबाही का लिया जायजा, गुजरात को 1 हजार करोड़ रुपये मदद का ऐलान

पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को चक्रवाती तूफान तौकते से प्रभावित गुजरात और दीव का दौरा किया। वे यहां हालात और नुकसान की समीक्षा करने पहुंचे। पीएम मोदी ने ऊना, दीव, जाफराबाद और महुवा समेत सौराष्ट्र के कई जिलों निरीक्षण किया। जिसके बाद गुजरात के लिए एक हजार करोड़ रुपए की मदद का ऐलान किया गया है। साथ ही देश भर में तूफान के कारण मरने वालों के परिवार को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा दिया जाएगा।

इस दौरे के बाद पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार तूफान से प्रभावित सभी राज्यों के साथ संपर्क में है और उनके साथ काम कर रही है। इसके बाद वे गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और अन्य अधिकारियों के साथ अहमदाबाद में एक रिव्यू मीटिंग की।

तौकते सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे सौराष्ट्र से टकराया था। इसके बाद तटीय इलाकों में लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हुई, जो करीब ढाई से तीन घंटे तक चली। तूफान के असर के चलते सौराष्ट्र के 21 जिलों की 84 तहसीलों में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई थी।

हालांकि, अब कई जगह बारिश थम गई है। ऊना और गिर में विशालकाय वृक्षों, बिजली के खंभे और सोलर पैनल धराशायी हो गए हैं। कई मोबाइल टावर गिरने के चलते जाफराबाद के दर्जनों गांव से संपर्क टूट गया है।

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बताया कि तेज हवाओं की वजह से 40 हजार पेड़ गिर गए हैं और 16,500 कच्चे मकानों को नुकसान हुआ है। 2400 से ज्यादा गांवों में बिजली नहीं है। 122 कोविड अस्पतालों में भी पावर सप्लाई में दिक्कत हुई है। राज्य में 7 लोगों की मौत हुई है। तूफान की वजह से बने हालात को देखते हुए राज्य में कोरोना वैक्सीनेशन रोक दिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, अब 20 मई से दोबारा टीके लगने शुरू होंगे।

तौकते तूफान के बाद मुंबई के समंदर में 4 जहाज फंस गए हैं। इन जहाजों पर 713 लोग फंसे हैं और इनमें से 620 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। इसमें से ONGC का एक बार्ज P305 डूब गया है, जिस पर सवार 90 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं।

Related Posts

1 of 631

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *