जम्मू-कश्मीर में आतंकियों और CRPF जवानों के बीच मुठभेड़ हुई। जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकियों ने शनिवार को पुलिस और CRPF की टीम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सोपोर में अचानक से आतंकियों ने टीम पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरु कर दी। इस हमले में दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए हैं और दो नागरिक की भी जान चली गई। जिसके बाद इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
कश्मीर के IG विजय कुमार ने बताया कि हो सकता है कि इस हमले के पीछे लश्कर-तैयबा के आतंकियों का हाथ हो। हमले में दो पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया है।
आपको बता दें कि इससे पहले मार्च में भी लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने CRPF की पेट्रोलिंग पार्टी पर फायरिंग की थी। यह हमला श्रीनगर के बाहरी इलाके लवेपोरा में किया गया था। हमले में दो जवान शहीद हो गए थे। हमले में 3 जवान घायल भी हुए थे। इसमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इस हमले से 11 दिन पहले 14 मार्च को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें सुरक्षाबलों ने एक आतंकी मार गिराया था। यह ऑपरेशन शोपियां के रावलपोरा के इलाके में पूरी रात चला था। इसके बाद अगले दिन रविवार को लश्कर ए तैयबा से जुड़े आतंकी जहांगीर अहमद वानी को ढेर कर दिया था। इस मुठभेड़ वाली जगह से M4 कार्बाइन राइफल भी मिली थी। इस राइफल का इस्तेमाल अमेरिकी सेना भी करती है।















