खबर टीम इंडिया की। सालों पहले रिलीज हुई शाहरुख खान की फिल्म कुछ-कुछ होता है हम सबने देखी ही होगी। ये फिल्म उस वक्त सुपरहिट हुई थी और काफी पसंद की गई थी। लेकिन अब इतने सालों बाद इस फिल्म को लेकर एक कंट्रोवर्सी शुरू हो गई है। इस फिल्म में सलमान खान ने कैमियो किया था। हालांकि उनसे पहले ये रोल सैफ अली खान और चंद्रचूड़ सिंह को ऑफर किया गया था। मगर दोनों ने मना कर दिया था।
चंद्रचूड़ सिंह ने सलमान को बताया झूठा
दरअसल इस बात का जिक्र करते हुए सलमान ने कॉफी विद करण शो में कहा था कि सैफ और चंद्रचूड़ के पास काम की कमी थी, इसके बावजूद उन लोगों ने फिल्म का ऑफर ठुकरा दिया था। शो से जुड़ा ये क्लिप जमकर वायरल हुआ था। अब चंद्रचूड़ सिंह ने इस क्लिप पर कमेंट कर चंद्रचूड़ ने सलमान को झूठा बताया है। उनका कहना है कि दूसरी फिल्मों के ऑफर थे, इस कारण उन्होंने फिल्म के ऑफर को न कहा था।
करण के शो में क्या बोले थे सलमान?
इस शो में सलमान करण से कह रहे हैं कि- तुम्हारे लिए फिल्म में शाहरुख खान को लेना मुश्किल नहीं था, लेकिन तुम्हारे लिए यह कास्टिंग कर पाना बहुत मुश्किल था। क्योंकि सैफ उस समय कुछ नहीं कर रहे थे। चंद्रचूड़ कुछ नहीं कर रहे थे। इसके बावजूद उन्होंने फिल्म में काम करने से मना कर दिया। मैंने तुम्हारी प्रतिभा देखी और फिल्म में काम करने के लिए तैयार हो गया। मगर उसके बाद तुमने किसी दूसरी फिल्म में मेरे साथ काम नहीं किया।














