खबर टीम इंडिया की। एक बार फिर वो ही हुआ जिसकी उम्मीद पहले से लगाई जा रही थी। नॉकआउट मुकाबलों में साउथ अफ्रीका के हारने का सिलसिला लगातार जारी रहा, और ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में अफ्रीका को तीन विकेट से हरा दिया। अब फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम भारत से होगा। भारत अब तक अपने सभी मैच जीतकर इस वर्ल्डकप की टॉप टीम है, पिछले मुकाबले में इंडिया ने न्यूजीलैंड को 70 रनों के बड़े अंतर से हराया था। भारत की फॉर्म को देखते हुए फैंस वर्ल्डकप अपना मान रहे हैं, लेकिन हम आपको बताएंगे कि इस वर्ल्डकप और भारत के बीच में किन ऑस्ट्रेलिनयन खिलाड़ियों से टीम इंडिया को पार पाना होगा।
डेविड वार्नर
पिछला मैच छोड़ दें तो डेविड वार्नर शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, वो टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में टॉप-5 की लिस्ट में है। आईपीएल में भारत में खेलने का लंबा अनुभव रखने वाले डेविड वार्नर किसी भी पिच पर गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं।
मिचेल स्टार्क
शानदार गेंदबाजी कर लीग स्टेज के मुकाबले में टीम इंडिया पर दबाव बनाने वाले स्टार्क से इंडिया को सावधान रहना होगा। हालांकि पिछले कुछ मैचों में स्टार्क ने अपने नाम के मुताबिक प्रर्दशन नहीं किया है, लेकिन फिर भी स्टार्क जैसे गेंदबाज के सामने किसी भी बल्लेबाज को रन बनाने में मशक्कत करनी पड़ती है।
ट्रेविस हेड
अगर आपने कल का मुकाबला देखा है तो आप समझ जाएंगे कि ट्रेविस हेड कितने विस्फोटक बल्लेबाज हैं। गुरुवार को हुए सेमीफाइनल में जहां आस्ट्रेलियन टीम एक-एक रन के लिए संघर्ष कर रही थी तो वहीं ट्रेविस हेड ने 150 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाने की नींव रखी। मैच के बाद ट्रेविस हेड ने कहा था कि- हमारा दृष्टिकोण सकारात्मक है, हम जरूरी रन गति से आगे निकलने का प्रयास कर रहे हैं, मैं जिस तरह से आउट हुआ उससे निराश हूं।
फाइनल को लेकर सामने आया ऑस्ट्रेलियन कैप्टन का बयान
पैट कमिंस ने साउथ अफ्रीका की जीत के बाद फाइनल मैच पर भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि- हममें से कुछ खिलाड़ी पहले फाइनल में खेल चुके हैं, कुछ अन्य लोग टी20 विश्व कप फाइनल में खेल चुके हैं। स्टेडियम खचाखच भरा होगा, ज्यादातर एकतरफा फैंस होंगे। मेरे लिए 2015 विश्व कप करियर का मुख्य आकर्षण था, इसलिए भारत में एक और फाइनल खेलने के लिए हम बेहद उत्साहित हैं। एक यूनिट के तौर पर अब इसका इंतजार नहीं हो रहा।














