उमाकांत त्रिपाठी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुजरात दौरे पर हैं। अपने दौरे के पहले दिन अमित शाह ने गुजरात के गिर सोमनाथ में विकसित भारत संकल्प यात्रा को संबोधित किया। अपने संबोधन में शाह ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि- आजादी के 75 साल पूरे हो चुके हैं और जब हमारी आजादी के 100 साल पूरे होंगे तब हर दुनिया में भारत का डंका बजने लगेगा। ये संकल्प आज में विकसित भारत की इस यात्रा में लेना चाहता हूं। शाह ने कहा कि आजादी के 75 सालों में एक विकसित भारत का संकल्प लेकर 75 से 100 साल तक के 25 सालों की यात्रा में सबके सामूहिक प्रयासों से भारत को विश्व में सर्वप्रथम बनाने का संकल्प लेना भी आज़ादी के अमृत महोत्सव का एक उद्देश्य था।
मोदी सरकार ने हर व्यक्ति तक पहुंचाई सुविधाएं
इस दौरान अमित शाह ने कहा कि साल 2014 तक देश में करोड़ों लोग ऐसे थे जिनके पास घर,गैस कनेक्शन, शौचालय, पीने का पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं तक नहीं थीं और इन करोड़ों लोगों को हर सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ता था। साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी जी ने संकल्प किया कि हर घर में बैंक खाता, गैस कनेक्शन, शौचालय, नल से जल होगा और हर व्यक्ति के स्वास्थ्य का 5 लाख रूपए तक का खर्च सरकार उठाएगी। शाह ने आगे कहा कि भारत को हर क्षेत्र में विकसित, और आत्मनिर्भर सिर्फ 130 करोड़ भारतीय बना सकते हैं।
पीएम मोदी ने देश की जनता के सामने रखा विजन
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपना विजन देश की जनता के सामने रखा था। ये तीन विजन पीएम ने देशवासियों को दिए थे, जिसमें पहला आजादी की लड़ाई के दौरान जाने-अनजाने सभी शहीदों को याद करना और युवा पीढ़ी को आज़ादी के इतिहास के साथ जोड़ना। दूसरा विजन था पिछले 75 सालों में देश की उपलब्धियों पर गौरव करना और उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना। तीसरा विजन था, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना और उस पर गौरवान्वित महसूस करना। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आज की तरह ही देश के हर क्षेत्र में ये यात्रा जाएगी।














