उमाकांत त्रिपाठी। भोपाल में आज मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज पद और गोपनीयता की शपथ ली। समारोह भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में हुआ। मोहन यादव राज्य के 19वें मुख्यमंत्री बने। जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने डिप्टी CM के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने सभी को शपथ दिलाई। फिलहाल, कोई और विधायक ने मंत्री पद की शपथ नहीं ली है। कार्यक्रम 10 मिनट का रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत 11 राज्यों के मुख्यमंत्री इस समारोह में शामिल हुए।

शपथ के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि- सभी को साथ लेकर चलूंगा और सुशासन सुनिश्चित करूंगा।’ शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि नए मुख्यमंत्री राज्य में समृद्धि, विकास और जन कल्याण को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। मित्रो, अब विदा। जस की तस धर दीनी चदरिया।

शिवराज सिंह चौहान ने अपने पौधरोपण के रुटीन को जारी रखा। उन्होंने भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में पौधा रोपा। पौधरोपण के लिए नए CM से जमीन की मांग की है। इससे पहले डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। पौधरोपण के बाद शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की।













