उमाकांत त्रिपाठी। यशस्वी जायसवाल (209 रन) और जसप्रीत बुमराह (6 विकेट) के प्रदर्शन से भारत ने टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड पर 171 रन की बढ़त हासिल कर ली है। टीम ने दूसरे दिन स्टंप्स तक दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 28 रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित शर्मा 13 और यशस्वी जायसवाल 15 रन पर नाबाद हैं। विशाखापट्टनम के डॉ. वायएस राजशेखर स्टेडियम में शनिवार को भारत ने पहली पारी में 336/6 के स्कोर से खेलना शुरू किया और 396 रन पर ऑलआउट हो गई। फिर भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड को पहली पारी में 253 रन पर पवेलियन भेज दिया। इस तरह भारत को पहली पारी के बाद 143 रन की बढ़त मिली।
यशस्वी का शानदार दोहरा शतक
पहली पारी में भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल ने पहली पारी में 209 रन बनाए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 6 विकेट हासिल किए। दूसरे दिन भारत ने पहली पारी में 336/6 के स्कोर से खेलना शुरू किया और 396 रन पर ऑलआउट हो गई। यशस्वी जायसवाल ने 179 और रविचंद्रन अश्विन ने 5 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। दिन के पहले सेशन में जायसवाल ने दोहरा शतक पूरा किया, दूसरी ओर अश्विन ने 20 रन का योगदान दिया। कुलदीप यादव 8 रन पर नाबाद रहे।
फिफ्टी से चूके स्टोक्स
इंग्लिश टीम से शोएब बशीर, रेहान अहमद और जेम्स एंडरसन ने 3-3 विकेट लिए। टॉम हार्टले को एक विकेट मिला। 396 रन पर भारत को आउट करने के बाद इंग्लिश ने शानदार शुरुआत की। जैक क्रॉले (76 रन) ने अर्धशतक जमाया। उन्होंने बेन डकेट के साथ 59 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। इस पार्टनरशिप को कुलदीप यादव ने डकेट को रजत पाटीदार के हाथों कैच कराकर तोड़ा। उसके बाद कप्तान बेन स्टोक्स ने 47 रन बनाए। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह 6 विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव को 3 सफलताएं मिली। अक्षर पटेल को एक सफलता मिली।














