न्यूज़भारतहेडलाइंस

24 जून से शुरू होगा संसद सत्र: खड़गे के घर कांग्रेस नेताओं की बैठक:सोनिया, राहुल और प्रियंका रहे मौजूद

उमाकांत त्रिपाठी।केंद्र में नई सरकार बनने के बाद 24 जून से संसद सत्र शुरू होने वाला है। उससे पहले कांग्रेस और भाजपा में बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। कांग्रेस नेताओं की सोमवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर अहम बैठक हुई।

बैठक में कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल मौजूद हैं। इसमें लोकसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर चुनाव पर मंथन हुआ।

इसके अलावा वायनाड और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी की किसी एक सीट पर भी फैसला होगा। इसके अलावा विपक्ष के नेता के तौर पर भी उनका नाम पार्टी नेताओं ने आगे किया है। 8 जून को CWC की मीटिंग में उनके नाम का प्रस्ताव भी पास हो चुका है। राहुल ने इस पर सोचने का वक्त मांगा है।
खड़गे के अलावा बैठक में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थीं।

24 जून से शुरू हो रहा संसद सत्र
नई सरकार के शपथ ग्रहण और विभागों के बंटवारे के बाद 24 जून से संसद का सत्र शुरू हो रहा है। यह 3 जुलाई तक कुल 9 दिन चलेगा। इस सत्र में प्रोटेम स्पीकर नए सांसदों को शपथ दिलाएंगे। 26 जून को लोकसभा स्पीकर का चुनाव होगा। 27 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा को संबोधित कर सकती हैं। इसके बाद राज्यसभा का भी सत्र शुरू होगा।

भाजपा नेताओं की बैठक राजनाथ के घर हुई
16 जून को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के घर NDA के सहयोगी दलों की बैठक हुई। इसमें भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, JDU के ललन सिंह और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिराग पासवान मौजूद थे। बैठक की बात तो सामने नहीं आई। सूत्रों की मानें तो, बैठक में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के NDA उम्मीदवार के नाम पर मंथन किया गया।

भाजपा स्पीकर का पद अपने पास रखेगी
भाजपा स्पीकर का पद अपने पास रखेगी। ये बात लगभग तय है। इसके लिए एक बार फिर से वर्तमान लोकसभा स्पीकर और कोटा सांसद ओम बिड़ला का नाम सबसे आगे चल रहा है। NDA की अहम सहयोगी और नीतीश कुमार की पार्टी JDU भी स्पीकर पद के लिए भाजपा को समर्थन देने की घोषणा कर चुकी है।

TDP के एक्शन पर INDIA ब्लॉक की नजर
NDA की एक और सहयोगी और आंध्र प्रदेश के CM चंद्रबाबू नायडू की पार्टी TDP ने कहा है कि गठबंधन की बैठक में इस पर फैसला होगा। सूत्रों के मुताबिक, TDP स्पीकर के पद पर दावा कर सकती है। INDIA गठबंधन के नेताओं ने भी TDP के समर्थन की बात कही है। ऐसे में TDP अगर स्पीकर के पद के लिए अड़ जाती है तो भाजपा के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

अहम होता है स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का पद
स्पीकर का पद सत्ताधारी पार्टी या गठबंधन की ताकत का प्रतीक होता है। वहीं लोकसभा के कामकाज पर स्पीकर का ही कंट्रोल होता है। संविधान में स्पीकर के साथ डिप्टी स्पीकर के चुनाव का भी प्रावधान है, जो स्पीकर की गैर-मौजूदगी में उसकी ड्यूटी पूरी करता है।
माना जा रहा है कि ओम बिड़ला को स्पीकर बनाने के साथ भाजपा की आंध्र प्रदेश अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी को लोकसभा उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है। पुरंदेश्वरी चंद्रबाबू नायडू की पत्नी नारा भुवनेश्वरी की बहन हैं। उन्होंने नायडू का उस वक्त समर्थन किया था, जब उनकी अपने ससुर एनटी रामाराव का तख्तापलट करने पर आलोचना हो रही थी।

 

Related Posts

1 of 808

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *