न्यूज़भारतहेडलाइंस

PM मोदी अहमदाबाद में बोले- मेरा मजाक उड़ाया गया:मैं सरदार की भूमि में पैदा हुआ बेटा, चुपचाप देशहित में नीति बनाने में लगा रहा

उमाकांत त्रिपाठी। गुजरात दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद के GMDC मैदान में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में शामिल हुए। यहां उन्होंने कहा कि तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद पहली बार गुजरात आया हूं। आप लोगों ने हर वक्त मुझ पर प्यार लुटाया है। जब बेटा अपने घर आकर आशीर्वाद लेता है तो ऊर्जा कई गुना बढ़ जाती है। उत्साह और जोश और बढ़ जाता है।

पीएम ने ये भी कहा कि कई लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया, लेकिन मैं सरदार वल्लभभाई पटेल की भूमि में पैदा हुआ बेटा हूं। चुप रहकर देशहित में नीति बनाने में लगा रहा। प्रधानमंत्री ने यहां 8000 करोड़ रुपए के कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही 30 मेगावॉट के सोलर सिस्टम का भी उद्घाटन किया।

3 करोड़ घर बनाने का काम शुरु
इतनी बड़ी तादाद में आप मुझे आशीर्वाद देने आए, मेरा सौभाग्य है। मुझे आपकी अपेक्षाओं का भी अहसास है। आप चाहते थे कि तीसरी बार शपथ लेने के बाद मैं जल्द से जल्द आपके बीच आऊं। देश की जनता ने एक नया इतिहास रचा है। एक सरकार को लगातार तीसरी बार देश की सेवा करने का अवसर दिया है। लोग मोदी का के बारे में भांति-भांति की बातें करते रहे। मैंने भी सोच लिया था कि जितना मजाक उड़ाना है उड़ा लो, मैं एक शब्द भी नहीं बोलूंगा। हर अपमान को सहते हुए मैं देश के लोगों के कल्याण के लिए नीति बनाने और निर्णय लेने में जुटा रहा। इन 100 दिनों में 15 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की कई परियोजनाओं का काम शुरू हो गया है। चुनाव के दौरान मैंने 3 करोड़ घर बनाने का गारंटी दी थी। उनका काम भी शुरू हो गया है।

25 सालों में भारत बनेगा विकसित
आज से अहमदाबाद-भुज के बीच नमो भारत रैपिड रेल शुरू हो गई है। इस ट्रेन से मध्यम वर्ग के लोगों को फायदा मिलेगा। नमो भारत रैपिड रेल आने वाले समय में देश के कई शहरों को जोड़ने जा रही है। देश में 15 से ज्यादा रूटों पर नई नमो भारत रैपिड रेल शुरू होने वाली है। आज देश में 125 से ज्यादा वंदे भारत ट्रेनें लोगों की सेवा कर रही हैं। यह भारत का स्वर्णिम काल है। अगले 25 वर्षों में हमें देश को विकसित बनाना है। मेरे देशवासी ही मेरे आराध्य हैं। मैं अपने आराध्य के लिए अपने आपको खपा देने का निर्णय किया है। जीऊंगा तो आपके लिए, जी-जान से खपता रहूंगा तो आपके लिए। करोड़ों देशवासियों के आशीर्वाद के साथ मैं नई ऊर्जा और उत्साह के साथ जी रहा हूं।

Related Posts

1 of 808

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *