उमाकांत त्रिपाठी।उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के नवाबगंज ब्लॉक के टिकुरा गांव की रहने वाली अनन्या बाथम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला है। राजकीय हाईस्कूल रायपुर गढ़ी में दसवीं कक्षा की छात्रा अनन्या का चयन उनके वीडियो के आधार पर किया गया है।यह कार्यक्रम 24 से 29 जनवरी के बीच नई दिल्ली के एनसीईआरटी परिसर स्थित एनआईई गेस्ट हाउस में आयोजित किया जाएगा। अनन्या अपनी शिक्षिका किरण यादव के साथ इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) एसपी सिंह ने बताया कि- पूरे देश से मात्र 14 छात्राओं का चयन हुआ है, जिनमें उत्तर प्रदेश की तीन छात्राएं शामिल हैं।
किसान परिवार से है अनन्या बाथम
किसान परिवार से आने वाली अनन्या के पिता सुनील कृषि कार्य करते हैं और उनकी माता गृहिणी हैं। उनका भाई आदित्य गांव के ही एक स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है। शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा आयोजित इस वार्षिक कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और परीक्षा संबंधित तनाव को कम करना है।
अनन्या पूरे उन्नाव जिले के लिए है गौरव का विषय
जिले से करीब 1.23 लाख छात्र, 3,000 अभिभावक और 2,700 शिक्षक इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखेंगे। यह न केवल अनन्या बल्कि पूरे उन्नाव जिले के लिए गौरव का विषय है। अनन्या पहले ही दिल्ली पहुंच चुकी हैं और कार्यक्रम के लिए तैयार हैं।















