उमाकांत त्रिपाठी।जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव को गहरा कर रहा है. इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सऊदी अरब यात्रा को बीच में ही रोककर भारत लौटने का फैसला किया. विशेष रूप से, पीएम मोदी ने वापसी के दौरान पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं किया, जो दिखाता है कि भारत इस आतंकी हमले के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार मान रहा है. फ्लाइट रडार डेटा के मुताबिक जब पीएम मोदी अपनी दो दिवसीय सऊदी अरब यात्रा के लिए भारत से जेद्दा गए थे, तब एयर इंडिया वन ने पाकिस्तानी एयरस्पेस का इस्तेमाल किया था.
यह सामान्य प्रक्रिया थी, क्योंकि यह रास्ता समय और ईंधन की दृष्टि से सबसे छोटा और कुशल है. पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद पीएम मोदी ने तुरंत भारत लौटने का फैसला किया. इस बार, एयर इंडिया वन ने सऊदी अरब से ओमान के हवाई क्षेत्र और फिर अरब सागर के रास्ते भारत में प्रवेश किया. भारतीय पीएम के विमान ने पाकिस्तानी एयरस्पेस को पूरी तरह से नजरअंदाज किया.
पाकिस्तान को दिया सीधा संदेश
रास्ता बदलना एक सुनियोजित कदम माना जा रहा है, जो भारत की ओर से पाकिस्तान को सीधा संदेश देता है. विश्लेषक डेमियन साइमन ने एक्स पर लिखा, कि- पीएम मोदी का प्लेन सऊदी अरब से लौटते समय पाकिस्तानी एयरस्पेस से बचा. यह बढ़ती सुरक्षा चिंताओं और भारत के रुख को दिखाता है कि वह आतंकवाद के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहरा रहा है.
हमले का भारत देगा जवाब?
पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है, जिसे पाकिस्तान समर्थित लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जोड़ा जाता है. इस हमले को 2019 के पुलवामा हमले के बाद कश्मीर में सबसे घातक बताया जा रहा है. पीएम मोदी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए आतंकियों को सजा देने का वादा किया है. दिल्ली लौटते ही उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ आपात बैठक की.















