खबर इंडिया की।‘मुझे दामाद के साथ भागने का पछतावा है। मैं बच्चों को छोड़कर गई थी। अब अकेले रहना चाहती हूं, मेहनत-मजदूरी करके पेट पाल लूंगी।’ये कहना है बेटी की शादी से पहले दामाद के साथ भागने वाली सास सपना देवी का। 10 महीने बाद वह अलीगढ़ के दादो थाने पहुंच गईं। रिश्तों के तानेबाने में उलझी सपना देवी पर दामाद राहुल ने आरोप लगाया कि वो मुझे छोड़कर अब अपने जीजा देवेंद्र के साथ रहना चाहती है।
जीजा देवेंद्र कहते हैं- राहुल एक झूठा आदमी है, जब सपना को बिहार लेकर गया, तो शादी करनी चाहिए थी, लेकिन उसने नहीं की। सपना अलीगढ़ आने के बाद सिर्फ 1 दिन मेरे घर पर रही है, अब वो कहां हैं? ये मुझे भी नहीं पता है।आपको बता दें कि- राहुल वही है, जिसे 38 साल की सास अनीता देवी से प्यार हो गया था। 9 महीने पहले बेटी से शादी करने के बजाय वह सास को लेकर भाग गया था। परिजनों ने थाने में FIR कराई तो दोनों ने थाने में सरेंडर किया था। लेकिन महिला ने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया था। तब से वह दामाद यानी दूसरे पति के साथ रह रही थी।अब 10 महीने बाद सास एक बार फिर अलीगढ़ लौट आई और अपने दामाद राहुल पर प्रताड़ित करने के आरोप लगा दिए हैं। क्या जीजा देवेंद्र के साथ सपना देवी के संबंध हैं? ये जानने के लिए हमने जीजा से बात की।
राहुल अगर प्यार करता तो छोड़कर क्यों आती?
दादो इलाके के गांव भवानीपुर में सपना देवी के जीजा देवेंद्र रहते हैं। जब उनसे सपना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा- वो अलीगढ़ आने के बाद हमारे घर नहीं आई। राहुल के आरोपों पर कहा- वह झूठा है। अगर उसका प्यार सच्चा होता, तो सपना उसको छोड़कर क्यों आती? राहुल बहुत गलत इंसान है। उसकी शादी बेटी से तय थी, लेकिन उसने सास के साथ ही संबंध बना लिए। आप ही बताइए, इससे ज्यादा गलत काम और क्या हो सकता है?
हमने पूछा- राहुल का कहना है कि- महिला जादू-टोना करती है, उसने एक काला धागा बांधकर वश में कर रखा था। इन आरोपों पर देवेंद्र कहते हैं- काला धागा बांधने से क्या होता है, वो तो कोई भी बांध सकता है। इसको जादू-टोना बताना, बिल्कुल गलत है।जीजा देवेंद्र आगे कहते हैं- बिहार से आने के बाद सपना देवी पहले मडराक थाने गई थीं, फिर मनोहरपुर कायस्थ में बच्चों के पास गई थी। वहां किसी ने उससे बात ही नहीं की। इसके बाद दादों थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने दामाद राहुल और सपना देवी को सुना।
फिर शुक्रवार को सपना देवी ने SSP अलीगढ़ से भी शिकायत की। पंचायत होने के बाद पुलिस ने कहा- जब सपना को उसके परिवार के लोग नहीं रख रहे हैं, तो उसको मेरी सुपुदर्गी में दिया गया। इसके बाद मैं उसको लेकर भवानीपुर आ गया। वो 1 दिन यहां रही, आज 13 फरवरी को वो अचानक घर से चली गई। अब हमें भी नहीं पता कि वो इस वक्त कहां पर है?
देवेंद्र ने कहा- पुलिस जहां भी बुला रही है, मैं जाकर बता रहा हूं कि सपना देवी और मेरे अफेयर की बात गलत है। वह कहते हैं- कुछ दिन पहले मेरा एक्सीडेंट हुआ था, मैं ट्रांस इंडिया में ड्राइवर हूं, बड़ी मुश्किल से परिवार चला पा रहा हूं। मेरा नाम जबरन खींचा गया है। सास और मां में क्या फर्क होता है, ये राहुल को समझना चाहिए, बहुत गंदा काम किया।














