उमाकांत त्रिपाठी।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज अपने जीवन के 62वें साल में प्रवेश कर रहे हैं। इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने उन्हें बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में प्रदेश की प्रगति की सराहना की है। राजनीति के गलियारों से मिल रही इन शुभकामनाओं के बीच, सीएम यादव आज पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के एक बड़े मिशन पर निकलने वाले हैं। वे वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बामनेर नदी के किनारे पहुंचकर एक दर्जन कछुओं को जल में छोड़ेंगे। चीतों के पुनर्वास के लिए सॉफ्ट रिलीज बोमा का भूमिपूजन कर प्रदेश को नया कीर्तिमान देंगे।
पीएम मोदी और शाह ने दिया खास संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है। वहीं, अमित शाह ने एमपी में चल रहे जनहितैषी कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इन बड़े नेताओं के संदेशों ने आज के दिन को राजनैतिक रूप से भी महत्वपूर्ण बना दिया है। सीएम यादव ने इन शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए अपने दिन को प्रकृति की सेवा में समर्पित करने का निर्णय लिया है।
चीतों के लिए बनेगा ‘सॉफ्ट रिलीज बोमा’
कूनो नेशनल पार्क की सफलता के बाद अब वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व चीतों का तीसरा घर बनने जा रहा है। सीएम आज जिस ‘बोमा’ तकनीक वाले बाड़े का शिलान्यास करेंगे, वह चीतों को नए माहौल में ढलने में मदद करेगा। 2339 वर्ग किलोमीटर में फैले इस रिजर्व की बनावट दक्षिण अफ्रीका के जंगलों जैसी है, जो चीतों की रफ्तार के लिए सबसे सटीक मानी जाती है।
कछुओं को देंगे आजादी
मुख्यमंत्री बामनेर नदी में 12 कछुओं को छोड़कर जीव दया का संदेश देंगे। आपको बता दे कि- यह टाइगर रिजर्व न केवल 32 बाघों का घर है, बल्कि इसे ‘लैंड ऑफ वुल्व्स’ भी कहा जाता है क्योंकि यहां देश में भेड़ियों की सबसे अधिक आबादी बसती है। सागर, दमोह और नरसिंहपुर जिलों तक फैले इस अभयारण्य में अब पर्यटन और रोजगार की नई संभावनाएं जन्म लेंगी।














