खबर इंडिया की। प्रयागराज के कुंभ मेले से सुर्खियों में आईं मोनालिसा भोंसले ने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा एक सनसनीखेज आरोप लगाया है। उन्होंने डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग के दौरान गलत तरीके से छूने और मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है।
View this post on Instagram
केरल के कोच्चि में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोनालिसा ने खुलकर अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने कहा कि डायरेक्टर ने उन्हें कई बार अनुचित तरीके से छुआ। जब उन्होंने यह बात अपने परिवार को बताई, तो उन्हें समर्थन नहीं मिला। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि क्या पहली फिल्म के लिए इस तरह की कीमत चुकानी पड़ेगी?
मोनालिसा ने यह भी दावा किया कि उन्हें और उनके पति को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उनके पोस्टर जलाए जा रहे हैं और उनके खिलाफ गलत अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के साथ-साथ केरल और मध्य प्रदेश सरकार से सुरक्षा की मांग की है।
मामले को और गंभीर बनाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि डायरेक्टर उनकी शादी को लेकर भी विवाद खड़ा कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाज से मंदिर में हुई है, लेकिन इसे गलत तरीके से पेश कर समाज में तनाव फैलाने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, उनके पति फरमान ने भी डायरेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनके नाम और धर्म के आधार पर उन्हें बदनाम किया जा रहा है और यहां तक कि आतंकवादी तक कहा जा रहा है।
यह पूरा मामला अब फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। अब सभी की नजरें इस पर हैं कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़िता को कब न्याय मिलता है।














