उमाकांत त्रिपाठी। पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम पर तस्वीर साफ हो गई है। सुवेंदु अधिकारी राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। पार्टी ने दो डिप्टी मुख्यमंत्री बनाने का भी फैसला किया है। इनमें रूपा गांगुली के नाम पर मुहर लग चुकी है, जबकि दूसरे डिप्टी सीएम के तौर पर दार्जिलिंग से किसी पुरुष विधायक को जिम्मेदारी दी जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक सुवेंदु अधिकारी गृह मंत्रालय का प्रभार भी अपने पास रखेंगे। विधायक दल की बैठक के लिए वे कोलकाता के कंवेंशन सेंटर पहुंच चुके हैं। यहां उन्होंने नए विधायकों से मुलाकात की। बीजेपी विधायक दल की बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हो रही है, जिसमें मुख्यमंत्री पद के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा।
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार सुबह 10 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत एनडीए के कई बड़े नेता शामिल होंगे।
सुवेंदु अधिकारी इस चुनाव में सबसे चर्चित चेहरों में रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से हराया। इसके साथ ही नंदीग्राम सीट से भी लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। इससे पहले 2021 में भी उन्होंने नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराया था।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने सरकार गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है।
विधायक दल की बैठक को लेकर अमित शाह शुक्रवार सुबह कोलकाता पहुंचे। एयरपोर्ट पर सुवेंदु अधिकारी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान शाह ने सुवेंदु की पीठ थपथपाई। एयरपोर्ट से अमित शाह अपनी कार में सुवेंदु अधिकारी को साथ लेकर दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने पूजा-अर्चना और आरती की।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बंगालवासियों का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि बंगाल की जनता को उनका नमन।
इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता के नोवोटेल होटल पहुंचे। उनके साथ सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य भी मौजूद रहे। अमित शाह पश्चिम बंगाल में बीजेपी विधायक दल की बैठक के लिए दो दिवसीय दौरे पर हैं और शनिवार तक कोलकाता में रहेंगे।
बीजेपी की इस जीत को राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। लंबे समय बाद बंगाल में सत्ता परिवर्तन हुआ है और अब नई सरकार के गठन पर सबकी नजर बनी हुई है।














