उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीदरलैंड यात्रा के दौरान भारत को सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी बड़ी सफलता मिली है। दोनों देशों के बीच हुए समझौते के तहत 11वीं सदी की ऐतिहासिक चोल ताम्र पट्टिकाएं जल्द भारत वापस लाई जाएंगी। ये करीब 1000 साल पुराने दुर्लभ तमिल दस्तावेज हैं, जिनमें चोल साम्राज्य के इतिहास और प्रशासन से जुड़ी अहम जानकारी दर्ज है।
यह संग्रह 21 बड़ी और 3 छोटी तांबे की प्लेटों का है। इनमें ज्यादातर लेख तमिल भाषा में लिखे गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इन ताम्र पट्टिकाओं में राजा राजेंद्र चोल प्रथम और उनके पिता राजा राजराजा चोल प्रथम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मौजूद हैं।
ताम्र पट्टिकाएं तांबे की बनी प्लेटें होती थीं, जिन पर प्राचीन काल में राजकीय घोषणाएं, दान, प्रशासनिक आदेश और ऐतिहासिक घटनाएं दर्ज की जाती थीं। विशेषज्ञों के अनुसार 19वीं सदी में यूरोपीय देशों द्वारा एशिया में व्यापार और शोध के दौरान ये दस्तावेज विदेश पहुंच गए थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस समझौते को भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि भारत अपने इतिहास और सभ्यतागत धरोहरों को वापस लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
नीदरलैंड दौरे के दौरान तकनीक और उद्योग क्षेत्र में भी बड़ा समझौता हुआ। द हेग में आयोजित कार्यक्रम में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और डच कंपनी ASML के बीच सेमीकंडक्टर और चिप तकनीक में सहयोग को लेकर करार हुआ।
ASML दुनिया की प्रमुख चिप मशीन बनाने वाली कंपनियों में शामिल है। वहीं टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में तेजी से निवेश बढ़ा रही है। इस समझौते को भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के लिए अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी मुलाकात की। यह बैठक द हेग स्थित शाही महल ‘पैलेस हाउस टेन बॉश’ में हुई।
बैठक के दौरान दोनों देशों ने शिक्षा, डिजिटल तकनीक, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी और वाटर मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
नीदरलैंड के राजा और रानी ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में रात्रिभोज भी आयोजित किया। पीएम मोदी ने 2019 में शाही परिवार की भारत यात्रा को याद करते हुए कहा कि उस दौरे ने दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती दी थी। उन्होंने नीदरलैंड सरकार की मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद भी दिया।













