उमाकांत त्रिपाठी।तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में जन्मे 31 साल के अरविंद श्रीनिवास ने देश का सबसे युवा अरबपति बनकर इतिहास रच दिया है। Perplexity AI के को-फाउंडर और सीईओ अरविंद की मौजूदा नेट वर्थ 21,190 करोड़ रुपये है, जिसके दम पर उन्होंने M3M Hurun India Rich List 2025 में धमाकेदार एंट्री मारी है। अरविंद की कंपनी पर्प्लेक्सिटी एआई, एक कंवर्सेशनल सर्च इंजन है जो गूगल जेमिनी और ओपनएआई के चैटजीपीटी को चुनौती दे रही है। इतना ही नहीं, इस कंपनी ने हाल के सालों में तेजी से विकास किया है।
जानें- हुरुन ने अरविंद श्रीनिवास के लिए क्या कहा है
चेन्नई में ही पले-बढ़े अरविंद को लेकर हुरुन रिपोर्ट में कहा गया है, “एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 भारत के सर्विस-सेंट्रिक अतीत से डीप-टेक, उत्पाद-आधारित महाशक्ति बनने की यात्रा को दर्शाती है। पर्प्लेक्सिटी के को-फाउंडर, 31 वर्षीय अरविंद श्रीनिवास का सबसे युवा अरबपति के रूप में डेब्यू करना इस बदलाव को रेखांकित करता है। उनकी संपत्ति वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने वाले एक आधारभूत एआई मॉडल के निर्माण से उपजी है।”
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में और कौन-से युवा शामिल
जेप्टो के फाउंडर 22 वर्षीय कैवल्य वोहरा की नेट वर्थ ₹4,480 करोड़, 23 साल के आदित पलिचा की नेट वर्थ ₹5,380 करोड़, प्रिज्म (OYO) के 31 वर्षीय रितेश अग्रवाल की नेट वर्थ ₹14,400 करोड़, एसजी फिनसर्व के 26 वर्षीय रोहन गुप्ता की नेट वर्थ ₹1,140 करोड़, भारतपे के 27 वर्षीय शाश्वत नाकरानी की संपत्ति ₹1,340 करोड़ और ₹1,820 करोड़ की नेट वर्थ के साथ टीएसी सिक्योरिटी के 30 वर्षीय त्रिशनीत अरोड़ा को भी हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में जगह मिली है।
आईआईटी मद्रास से पढ़ें हैं अरविंद श्रीनिवास
अरविंद श्रीनिवास एक भारतीय मूल के इंजीनियर और ऑन्त्रेप्रेन्यॉर हैं, जो एआई से संचालित सर्च इंजन, पेरप्लेक्सिटी के सीईओ और को-फाउंडर हैं। अरविंद ने आईआईटी मद्रास से पढ़ाई की, जहां से उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में दो डिग्री हासिल की और बाद में कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, बर्कले से कंप्यूटर साइंस में पीएचडी पूरी की। अपनी कंपनी शुरू करने से पहले, उन्होंने ओपनएआई, गूगल और डीपमाइंड समेत दुनिया की कुछ टॉप एआई कंपनियों में काम किया, जिससे उन्हें अपना बिजनेस शुरू करने का अनुभव मिला।














