उमाकांत त्रिपाठी।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वोत्तर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। उनके दौरे में असम और मिजोरम के कई कार्यक्रमों में शामिल होना शामिल है। मिजोरम में असम राइफल्स की इकाई को आइजोल से जोखावसांग शिफ्ट किया जाएगा, जो राजधानी से 15 किलोमीटर दूर है। शाह इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोलाघाट जिले के डेरगांव में नवीनीकृत पुलिस अकादमी के पहले चरण का शनिवार को उद्घाटन किया। शाह ने अगले चरण की आधारशिला भी रखी। उद्घाटन के बाद पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह ने शाह को ‘लचित बरफुकन पुलिस अकादमी’ में स्थित अन्य केंद्रों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद शाह ने भवन का दौरा किया इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने गृह मंत्री के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
शाह असम और मिजोरम के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम डेरगांव पहुंचे
उनके साथ मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल समेत अन्य लोग भी थे। शाह असम और मिजोरम के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम डेरगांव पहुंचे थे। अधिकारियों ने बताया कि- 340 एकड़ में फैली ‘लचित बरफुकन पुलिस अकादमी’ का दो चरणों में 1,024 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नवीनीकरण किया जा रहा है। प्रथम चरण में 167.4 करोड़ रुपये की लागत से किए गए नवीनीकरण के काम में पांच मंजिला भवन का भी कायाकल्प किया गया है, जिसमें स्मार्ट कक्षाएं, वेपन स्टिमुलेटर, अनुसंधान प्रयोगशालाएं और प्रशासनिक कार्यालय, एक संग्रहालय तथा एक आधुनिक परेड ग्राउंड शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि- पहले चरण के तहत एक संग्रहालय और एक आधुनिक परेड ग्राउंड का भी निर्माण किया गया है। दूसरे चरण में 425.48 करोड़ रुपये की लागत से अकादमी में आवासीय बुनियादी ढांचे का विकास प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इसमें 240 परिवारों के लिए आवासीय क्वार्टर, 312 अधिकारियों-कर्मियों और 2,640 प्रशिक्षुओं के लिए छात्रावास उपलब्ध कराए जाएंगे।
असम में लचित बरफुकन पुलिस अकादमी के उद्घाटन में भाग लेंगे
इससे पहले असम के जोरहाट पहुंचने के बाद गृह मंत्री शाह ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने बताया कि- वह असम राइफल्स और मिजोरम सरकार के बीच भूमि हस्तांतरण समारोह में भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त, और पूर्वोत्तर राज्यों में तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन की समीक्षा करेंगे। साथ ही, ऑल बोडो स्टूडेंट्स यूनियन के 57वें वार्षिक सम्मेलन में बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र में अपने युवा मित्रों से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि- मैं कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं।














