उमाकांत त्रिपाठी।Amit Shah News: अमित शाह ने गुजरात में त्रिभुवन सहकारी यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखी और कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने त्रिभुवनदास पटेल के योगदान को सराहा और सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देने की बात कही.
शाह ने आणंद में त्रिभुवन सहकारी यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखी.
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुजरात के आणंद में त्रिभुवन सहकारी यूनिवर्सिटी की आधारशिला रखने के अवसर पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि- कांग्रेस ने अपने ही नेता और सहकारिता आंदोलन के जननायक त्रिभुवनदास किशीभाई पटेल को भुला दिया, जिन्होंने अमूल की नींव रखकर भारत के सहकारिता आंदोलन को नई दिशा दी. शाह ने लोकसभा में त्रिभुवन सहकारी यूनिवर्सिटी विधेयक, 2025 पर चर्चा के दौरान विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि इस यूनिवर्सिटी का नाम त्रिभुवनदास पटेल के सम्मान में रखा गया है, जो कांग्रेस के ही नेता थे.
शाह ने कहा कि- त्रिभुवनदास पटेल ने सरदार पटेल के सान्निध्य में अमूल की स्थापना कर किसानों के सशक्तिकरण की नींव रखी. उन्होंने वर्गीज कुरियन को डेयरी साइंस की पढ़ाई के लिए नीदरलैंड भेजा, जिसके परिणामस्वरूप भारत आज दूध उत्पादन में विश्व में अग्रणी है. शाह ने कुरियन के योगदान को भी सराहा, लेकिन जोर दिया कि त्रिभुवनदास का विजन ही था जिसने सहकारिता को जन-जन तक पहुंचाया. उन्होंने बताया कि- जब त्रिभुवनदास अमूल से रिटायर हुए, तो उन्हें मिले छह लाख रुपये उन्होंने फाउंडेशन को दान कर दिए, जो उनके समर्पण का प्रतीक है.
शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि- विपक्ष को यह भी नहीं पता कि त्रिभुवनदास उनकी ही पार्टी के नेता थे, और यूनिवर्सिटी का नाम उनके नाम पर रखने का विरोध केवल इसलिए हो रहा है क्योंकि वे नेहरू-गांधी परिवार से नहीं थे. उन्होंने कहा कि यह यूनिवर्सिटी सहकारिता क्षेत्र की कमियों को दूर करेगी और 40 लाख कर्मियों को प्रशिक्षित कर भाई-भतीजावाद को खत्म करेगी.














