उमाकांत त्रिपाठी।केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को भाजपा का तीसरा संकल्प पत्र जारी करेंगे। इसके अलावा, शाह राजधानी में दो जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए एक ही चरण में 5 फरवरी 2025 में चुनाव होने हैं। मतगणना 8 फरवरी को होगी।सूत्रों के मुताबिक, भाजपा अपने तीसरे संकल्प पत्र में भी कई बड़ी योजनाओं का वादा कर सकती है। यह भी माना जा रहा है कि पार्टी चौथा संकल्प पत्र भी कुछ दिनों में ला सकती है। अमित शाह के कार्यक्रमों को लेकर पार्टी नेता दिनभर तैयारी में जुटे रहे है ।
राजौरी गार्डन और त्रिनगर में करेंगे जनसभा
केंद्रीय गृहमंत्री दोपहर में भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी का संकल्प पत्र जारी करेंगे। इसके दो हिस्से पहले ही जारी किए जा चुके हैं। दिल्ली चुनाव में भाजपा ने रणनीति के तहत अलग-अलग चरणों में संकल्प पत्र को जारी किया है। इसके बाद शाम करीब 4 बजे वह राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र में जनसभा करेंगे। इसके साथ शाम 6 बजे त्रिनगर में जनसभा को संबोधित करेंगे।भाजपा ने प्रचार अभियान को गति दे दी है। अलग-अलग सूबों के सीएम और अन्य नेताओं की जनसभा लगातार चल रही हैं। आज से अमित शाह की जनसभाएं शुरू हो रही हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री भी तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा 1998 से है दिल्ली की सत्ता से बाहर
आपकों बता दें कि-अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) चौथी बार सत्ता में आने का प्रयास कर रही है। भाजपा 1998 से दिल्ली की सत्ता से बाहर है। भाजपा ने 2015 के विधानसभा चुनावों में पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाकर चुनाव लड़ा था, लेकिन तब पार्टी का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। इसके बाद भाजपा ने 2020 के विधानसभा चुनावों में किसी नेता को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए बिना चुनाव लड़ा था, लेकिन पिछली बार की तरह यह दांव भी नाकाम साबित हुआ था।














