न्यूज़भारतहेडलाइंस

हिमाचल प्रदेश में बिछी बर्फ की सफेद चादर, शिमला की बर्फबारी में मौज मस्ती करते दिखें पर्यटक

उमाकांत त्रिपाठी।
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच दोपहर के वक्त शिमला में भी सीजन का पहला हिमपात हुआ। बर्फ गिरते देख पर्यटक खुशी से झूम उठे और इससे खेलते रहे।​ शिमला के रिज पर डेढ़ इंच और जाखू में तीन इंच तक स्नोफॉल हुआ।
वहीं मनाली में भी आधा फीट से ज्यादा सफेद चादर बिछ गई है। धर्मशाला के धर्मकोट और भागसुनाग में भी सीजन का यह पहला हिमपात है। बर्फ को देखकर पर्यटकों के साथ-साथ पर्यटन कारोबारी और बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं।

चंबा के पांगी में बर्फीला तूफान ने लोगों को डराया। इससे लोगों को बाहर टिकना मुश्किल हो गया था। दूर-दूर से बर्फ उड़कर आ रही थी। वहीं, ऊंचे क्षेत्रों में भारी हिमपात के बाद अपर शिमला सहित भरमौर, लाहौल स्पीति शेष प्रदेश से कट गया है।

कुल्लू के स्कूलों में छुट्टियां
कुल्लू जिला में अधिकांश सड़कें व रास्ते बंद होने के बाद प्रशासन ने 2 फरवरी तक सभी स्कूलों में छुट्टियां कर दी हैं। जिला के स्कूल 3 फरवरी को खुलेंगे। इसे लेकर DC कुल्लू ने आदेश जारी कर दिए हैं।

241 सड़कें, बिजली के 655 ट्रांसफॉर्मर बंद
प्रदेश में बर्फबारी के बाद मनाली-केलांग, सैंज-लुहरी, शिमला-रामपुर और ठियोग-रोहड़ू नेशनल हाईवे सहित 241 से ज्यादा सड़कें और 655 बिजली के ट्रांसफॉर्मर बंद हो गए हैं। बर्फ के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। इससे सड़कों के किनारे पथ परिवहन निगम की 130 से ज्यादा बसें प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में फंसी हुई हैं। 250 से ज्यादा रूटों पर बस सेवाएं स्थगित करनी पड़ी हैं।

कल साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, कल प्रदेश के मध्यम ऊंचाई और निचले इलाकों में मौसम साफ रहेगा। रात 11 बजे से ही बारिश-बर्फबारी रुक जाएगी। मगर, अधिक ऊंचे कुछेक स्थानों पर कल भी हल्का हिमपात संभावित है। परसों यानी तीन और चार फरवरी को फिर से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है।

17 साल बाद जनवरी में कम बारिश
प्रदेश के ऊंचे पहाड़ों पर दो दिन से बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। इसी के साथ 122 साल का रिकॉर्ड सूखा खत्म हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 जनवरी तक प्रदेश में 99.3 फीसदी कम बारिश-बर्फबारी थी, लेकिन 31 जनवरी को यह 93 प्रतिशत कम रह गई है। यानी जनवरी में नॉर्मल की तुलना में सिर्फ 7% प्रतिशत बारिश हुई है, जो 17 साल बाद सबसे कम है। कुल्लू व शिमला जिले में नॉर्मल की तुलना में 11%, चंबा में 9%, मंडी 8%, हमीरपुर 7 प्रतिशत बारिश हुई है

 

अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि आज दिनभर भारी बर्फबारी हो सकती है, लेकिन कल यानी दो फरवरी को ज्यादातर भागों में मौसम साफ रहेगा। तीन और चार फरवरी को फिर से अच्छी बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
बारिश-बर्फबारी के बाद किसान-बागवानों और पर्यटन कारोबारियों ने राहत की सांस ली है। इससे ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर और सोलन के निचले इलाकों में गेंहू की फसल को भी संजीवनी मिली है।

Related Posts

1 of 806

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *