खबर टीम इंडिया की। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में 106 रन की जीत दर्ज कर ली है। इस जीत से सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है। विशाखापट्टनम में इंग्लिश टीम को अपने ही बैजबॉल अप्रोच के कारण हार का सामना करना पड़ा। ‘बैजबॉल’ आक्रामक बल्लेबाजी की रणनीति है, जिसे इंग्लिश टीम की चीफ कोच ब्रेंडन मैकुलम के निकनेम ‘बैज’ पर बनाया गया है।
एंडरसन का बयान हुआ वायरल
तीसरे दिन के खेल के बाद एंडरसन ने कहा था- हम वैसा ही खेलेंगे जैसा हम पिछले दो साल से खेल रहे हैं। हम जीतें या हारें, यह मायने नहीं रखता, क्योंकि हम हर मैच को जीतना चाहते हैं। फिर टारगेट 600 रन ही क्यों न हो। इंग्लिश टीम ने चौथे दिन 67/1 के स्कोर को आगे बढ़ाया, लेकिन टीम के बल्लेबाज पहले सेशन में ओवर एग्रेसिव दिखे। टॉप और मिडिल ऑर्डर बैटर्स ने क्रीज पर आते ही बड़े-बड़े शॉट्स खेलना शुरू कर दिया। इस कारण टीम ने लगातार विकेट गंवाए। चौथे दिन लंच तक इंग्लिश टीम का स्कोर 194/6 रहा।
बैटिंग अप्रोच ने चखाया हार का स्वाद
ओली पोप ने 21 बॉल पर 5 चौकों की मदद से 23 रन बनाए, जबकि जो रूट ने 10 बॉल की पारी में दो चौकों और एक छक्के से 16 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 100 से ज्यादा रहा। इंग्लैंड की टीम ने मुकाबले में लगातार विकेट गंवाए, लेकिन अपनी बैटिंग अप्रोच नहीं बदली। चौथे दिन के पहले सेशन में भी यही हाल रहा। टीम ने इस सेशन के 28.4 ओवर में 127 रन बनाने में 5 विकेट गंवा दिए। टीम ने पहली पारी में 4.53 के रन रेट से 253 रन बनाए और दूसरी पारी में 4.21 के रन रेट से 292 रन जुटाए। जबकि भारतीय टीम ने पहली पारी में 3.53 के रन रेट से 396 और दूसरी पारी में 3.24 के रन रेट से 255 रन बनाए। यानी टीम इंडिया ने संभलकर बैटिंग की।














