हैदराबाद-मुंबई के मैच में हुई रनों की बरसात, आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर बनाकर SRH ने मुकाबला किया अपने नाम

हैदराबाद-मुंबई के मैच में हुई रनों की बरसात, आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर बनाकर SRH ने मुकाबला किया अपने नाम

खबर टीम इंडिया की।इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने इतिहास रचा और 20 ओवर में 277 रन बना दिए। IPL के 17 साल में इससे पहले इतना बड़ा स्कोर कभी नहीं बना था। हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2013 में 263 रन बनाए थे।
278 रन के टारगेट के सामने मुंबई इंडियंस भी नहीं बिखरी, टीम ने 20 ओवर में 246 रन बना दिए। यह दूसरी पारी में IPL का सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले 2020 में राजस्थान ने 226 रन बनाए थे। मैच में कुल 523 रन बने, जो प्रोफेशनल टी-20 क्रिकेट में पहली बार ही हुआ।

आईपीएल मैच में बने टॉप रिकॉर्ड्स

1. अभिषेक शर्मा ने लगाई SRH के लिए फास्टेस्ट फिफ्टी
SRH के बैटर अभिषेक शर्मा ने टीम के लिए 16 गेंद में फिफ्टी लगाई। यह SRH के लिए IPL में किसी भी बैटर की फास्टेस्ट हाफ सेंचुरी है। अभिषेक से पहले इसी मैच में ट्रैविस हेड ने 18 गेंद में 50 रन बनाकर डेविड वॉर्नर का 9 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। हालांकि, आधे घंटे से भी कम समय में अभिषेक ने हेड का रिकॉर्ड तोड़ा और SRH के लिए नया रिकॉर्ड बना दिया।

2. पावरप्ले में हेड SRH के लिए दूसरे टॉप स्कोरर
SRH के लिए एक इनिंग के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में ट्रैविस हेड दूसरे नंबर पर आ गए। उन्होंने 59 रन बनाए और अपने ऑस्ट्रेलियाई साथी डेविड वॉर्नर के साथ दूसरे नंबर पर आ गए। पहले नंबर पर भी वॉर्नर ही हैं, जिन्होंने 2017 में कोलकाता के खिलाफ पावरप्ले में 62 रन बनाए थे। टी-20 मैच में पावरप्ले यानी एक से 6 ओवर का खेल।

3. SRH ने IPL के पहले 10 ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाए
SRH ने IPL इतिहास के पहले 10 ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी बनाया। टीम ने शुरुआती 60 गेंदों पर 148 रन बनाए। टीम ने मुंबई इंडियंस का उनके खिलाफ बनाया रिकॉर्ड भी तोड़ा। साल 2021 में अबू धाबी में MI ने SRH के खिलाफ ही 131 रन बनाए थे।

4. SRH ने बनाया IPL का सबसे बड़ा स्कोर
SRH ने IPL का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। यह रिकॉर्ड 11 साल बाद टूटा। टीम ने 20 ओवर में 277 रन बनाए। इससे पहले साल 2013 में RCB ने पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 263 रन बनाए थे। इसमें क्रिस गेल ने 175 रन की नाबाद पारी खेली थी। गेल का IPL की एक इनिंग में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड आज भी कायम है।

5. क्लासन-मार्करम ने चौथे विकेट की SRH के लिए सबसे बड़ी साझेदारी
हेनरिक क्लासन और ऐडन मार्करम की साउथ अफ्रीकी जोड़ी ने SRH के लिए खेलते हुए चौथे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की। दोनों ने नाबाद 116 रन जोड़े। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोइसेज हेनरिक्स और युवराज सिंह के नाम था। SRH के लिए खेलते हुए साल 2017 में दोनों ने नाबाद 93 रन की साझेदारी की थी।

6. क्वेना मफाका ने किया IPL में तीसरा सबसे महंगा स्पेल
मुंबई के लिए डेब्यू करने वाले 17 साल के साउथ अफ्रीकी पेसर क्वेना मफाका ने 4 ओवर में 66 रन लुटाए। यह मुंबई के लिए IPL इतिहास में सबसे महंगी बॉलिंग रही। ओवरऑल एक पारी में वह तीसरे सबसे महंगे बॉलर बन गए। उनसे ज्यादा रन SRH के ही बसिल थंपी ने दिए, जिनके खिलाफ 2017 में RCB ने 70 रन बनाए थे।

7. टी-20 क्रिकेट में SRH ने बनाया चौथा सबसे बड़ा स्कोर
SRH ने टी-20 क्रिकेट में चौथा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। इंटरनेशनल क्रिकेट में इससे बड़ा स्कोर अब तक तीन बार बन चुका है। साल 2023 में ही नेपाल ने मंगोलिया के खिलाफ 300+ का स्कोर टी-20 इंटरनेशनल में पहली बार बनाया। वहीं, 2019 में अफगानिस्तान ने आयरलैंड के खिलाफ (278/3) बनाया था। इस मैच में हजरतुल्लाह जाजई ने 16 छक्कों की मदद से 162* रन बनाए थे। तीसरे नंबर पर चेक रिपब्लिक ने भी 278 रन का स्कोर बनाया है।