उमाकांत त्रिपाठी। लोकसभा चुनाव-2024 के लिए सात चरणों में वोटिंग हुई थी. रुझानों में एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है. अकेले बीजेपी को बहुमत मिलना मुश्किल दिख रहा है. हालांकि NDA को बहुमत मिल चुका है. रुझानों में वो 300 सीटों के करीब है. इस बीच, नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी की डिमांड बढ़ गई है. कांग्रेस सरकार बनाने के लिए दोनों पार्टियों से संपर्क कर सकती है.
पीएम मोदी का एक्स पर पोस्ट
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट लिखा है. उन्होंने कहा कि देश की जनता-जनार्दन ने एनडीए पर लगातार तीसरी बार अपना विश्वास जताया है. भारत के इतिहास में ये एक अभूतपूर्व पल है. मैं इस स्नेह और आशीर्वाद के लिए अपने परिवारजनों को नमन करता हूं. मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम नई ऊर्जा, नई उमंग, नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ेंगे. सभी कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण भाव से अथक मेहनत की है, मैं इसके लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, अभिनंदन करता हूं.
NOTA ने बनाया नया रिकॉर्ड
मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘नोटा’ ने बिहार के गोपालगंज का पिछला कीर्तिमान ध्वस्त करते हुए 2,18,674 वोट हासिल किए और 14 में से 13 उम्मीदवारों को पटखनी देकर नया रिकॉर्ड कायम किया.
बिप्लब कुमार देब ने दर्ज की जीत
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी उम्मीदवार बिप्लब कुमार देब ने त्रिपुरा पश्चिम लोकसभा सीट पर छह लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की.
स्मृति ईरानी ने क्या कहा?
अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने कहा, मुझे लगता है कि आज जनता का आभार व्यक्त करने का दिन है, जो जीते उन्हें बधाई देने का दिन है. संगठन का स्वभाव विश्लेषण करने का है और संगठन विश्लेषण करेगा. एक जनप्रतिनिधि के नाते यह मेरा सौभाग्य रहा कि मैंने हर गांव में जाकर काम किया, हार या जीत के बावजूद मैं लोगों से जुड़ी और यह मेरे जीवन का बहुत बड़ा सौभाग्य है.
राहुल गांधी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव-2024 के रुझान आने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की. राहुल से इस दौरान वायनाड और रायबरेली सीट पर सवाल किया गया. कांग्रेस नेता से पूछा गया कि वो कौन सी सीट छोड़ेंगे. इसपर राहुल ने कहा कि मैंने अभी फैसला नहीं लिया है. इसपर मैं बातचीत करूंगा. लोगों से राय लूंगा और फिर फैसला करूंगा.कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ये लड़ाई सिर्फ बीजेपी के खिलाफ नहीं थी. ये लड़ाई हमने बीजेपी के साथ-साथ देश की संस्थाओं के खिलाफ थी. ये लड़ाई संविधान को बचाने की थी.
राहुल ने अखिलेश से फोन पर की बात
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से फोन पर बात की है. राहुल ने अखिलेश को जीत की बधाई दी है.
वाराणसी सीट पर पीएम मोदी ने जीत हासिल की
उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट पर पीएम मोदी ने जीत हासिल की है. उन्होंने कांग्रेस के अजय राय को शिकस्त दी है. पीएम मोदी ने 1.5 लाख वोटों से जीत दर्ज की है. प्रधानमंत्री मोदी को 6 लाख 12 हजार 970 वोट मिले तो अजय राय को 4 लाख 60 हजार 457 वोट मिले. तीसरे नंबर पर बसपा के अतहर जमाल लारी रहे.
महेश शर्मा की शानदार जीत
बीजेपी के महेश शर्मा ने गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से बड़ी जीत हासिल किए हैं. महेश शर्मा 5 लाख 58 हजार वोटों से जीत दर्ज किए हैं.
अभिषेक बनर्जी 7 लाख वोटों से आगे
TMC के अभिषेक बनर्जी 7 लाख वोटों से आगे चल रहे हैं. वह डायमंड हार्बर से उम्मीदवार हैं.
मेनका गांधी की हार
सुल्तानपुर में मेनका गांधी की हार हुई है. सपा के राम भुआल निषाद ने जीत हासिल की है. मेनका गांधी की 30 हजार से ज्यादा वोटों से हार हुई है.
शिवराज सिंह की रिकॉर्डतोड़ जीत
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने रिकॉर्डतोड़ जीत हासिल की है. उन्होंने 8 लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है. शिवराज ने कांग्रेस के प्रताप बानु शर्मा को हराया है.
फैजाबाद में पिछड़ रही बीजेपी
फैजाबाद लोकसभा सीट पर लगातार इंडिया गठबंधन के अवधेश प्रसाद तेजी से बढ़त बना रहे हैं. लल्लू सिंह 31800 वोटों से पीछे हो गए हैं. अवधेश प्रसाद को अब तक 408382 वोट मिले हैं तो लल्लू सिंह को 376582 वोट मिले हैं.
‘नीतीश से बेहतर पीएम कौन हो सकता है’
जेडीयू एमएलसी डॉ. खालिद अनवर ने कहा है कि नीतीश कुमार से बेहतर पीएम कौन हो सकता है? नीतीश कुमार एक अनुभवी राजनेता हैं जो समाज और देश को समझते हैं और वह सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करते हैं. हम एक हैं. अभी एनडीए गठबंधन का हिस्सा है, लेकिन पहले और आज भी लोग चाहते थे कि नीतीश कुमार पीएम बनें. आज के नतीजे के बाद लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं.
मनीष तिवारी ने हासिल की जीत
चंडीगढ़ सीट बीजेपी के हाथ से चली गई है. यहां पर कांग्रेस के उम्मीदवार मनीष तिवारी को जीत मिली है. उन्होंने 2580 वोटों से बीजेपी के संजय टंडन को हराया है.
कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मुलाकात करेगा
कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मुलाकात करेगा. अब से कुछ देर में कांग्रेस के ये नेता निर्वाचन सदन पहुंचेंगे.
रुझानों में एनडीए इतनी सीटों पर आगे
रुझानों में एनडीए को 296, इंडिया को 228, अन्य को 19 सीटें मिल रही हैं.
बीजेपी 238 सीटों पर आगे
चुनाव आयोग के मुताबिक, बीजेपी 238 सीटों पर आगे चल रही है. कांग्रेस 98 सीटों पर आगे चल रही है. सपा 35, टीएमसी 29, डीएमके 21, टीडीपी 16, जेडीयू 14 सीटों पर आगे चल रही है.
शरद पवार ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि महाराष्ट्र में परिवर्तन की शुरुआत हो गई है. एमवीए को लोगों ने समर्थन दिया है. जनता ने उद्धव और मुझे पसंद किया और समर्थन दिया. उन्होंने आगे कहा कि सभी नेता बैठक के लिए दिल्ली जाएंगे. इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे.
बंगाल में 3 में से 2 केंद्रीय मंत्री पीछे
पश्चिम बंगाल से निवर्तमान केंद्र सरकार के तीन में से दो केंद्रीय मंत्री पीछे हैं. हालांकि मतों का अंतर ज्यादा नहीं है. केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार सुभाष सरकार बांकुरा निर्वाचन क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस के अरूप चक्रवर्ती से 14,932 मतों से पीछे हैं. कूचबिहार सीट पर भाजपा उम्मीदवार केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रामाणिक अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल के जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया से 7,339 मतों से पीछे हैं. बनगांव से भाजपा उम्मीदवार केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर तृणमूल कांग्रेस के विश्वजीत दास से 34,464 मतों से आगे हैं.
चरणजीत सिंह चन्नी की जीत
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी जालंधर लोकसभा सीट से जीत गए हैं. उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार सुशील कुमार रिंकू को 1,75,993 वोटों से हराया है.
शिवराज सिंह चौहान क 8 की लाख वोटों से जीत
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 6 लाख वोटों से आगे चल रहे हैं. वह विदिशा से किस्मत आजमा रहे हैं.
सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे
बिहार बीजेपी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे हैं.
नीतीश को साथ लाने में जुटा INDIA गठबंधन
बिहार के सीएम नीतीश कुमार को साथ में लाने के लिए इंडिया गठबंधन जुट गया है. एक ओर जहां आरजेडी ने उन्हें ऑफर दिया है तो एनसीपी प्रमुख (शरद पवार गुट) शरद पवार ने नीतीश कुमार से बात की है. बिहार में जेडीयू शानदार प्रदर्शन कर रही है. वो 15 सीटों पर आगे चल रही है.
महबूबा मुफ्ती ने अपनी हार स्वीकारी
जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने अपनी हार स्वीकार कर ली है. वह अनंतनाग से चुनाव लड़ रही थीं.
अमित शाह ने भी की टीडीपी प्रमुख से बात
गृह मंत्री अमित शाह ने भी टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू से फोन पर बात की. उन्होंने टीडीपी प्रमुख को जीत की बधाई दी है.
पीएम मोदी ने की चंद्रबाबू नायडू से बात
पीएम मोदी ने टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को जीत की बधाई दी. सूत्रों के मुताबिक पीएम ने उन्हें कॉल कर बधाई दी. टीडीपी ने विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की है. पार्टी ने 133 सीटों पर जीत हासिल की है. राज्य में विधानसभा की 175 सीटें हैं.
अखिलेश यादव क्या बोले?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव अभी अपने घर पर ही चुनावी नतीजे देख रहे हैं . उन्होंने आशंका जताई है कि जिन 13 सीटों पर समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच दस हज़ार वोटों से कम का अंतर हैं, वहां गड़बड़ी की जा सकती है. इसकी शिकायत पार्टी की तरफ से चुनाव आयोग से की गई है. उनका आरोप है कि शाहजहांपुर लोकसभा सीट पर वोटों की गिनती धीमी कर दी गई है.
महाराष्ट्र में क्या हाल?
सतारा से बीजेपी उम्मीदवार उदयन राजे भोसले 4 हजार वोट से आगे
पुणे में भी बीजेपी के मुरलीधर को 55 हजार वोट की बढ़त
अमरावती में नवनीत राणा की लीड कम हो गई है. उनकी बढ़त महज 791 वोटों की है.
प्रज्वल रेवन्ना की हार
कर्नाटक के हासन से जेडीएस के उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना चुनाव हार गए हैं. कांग्रेस के श्रेयस पटेल के हाथों उन्हें शिकस्त मिली है.
वेस्ट यूपी का हाल
सहारनपुर लोकसभा सीट की बात की जाए तो यहां कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद 67 हजार 905 वोटों से आगे चल रहे हैं. बीजेपी कैंडिडेट राघव लखनपाल 67 हजार 905 सीटों से पीछे चल रहे हैं. मुजफ्फरनगर सीट पर समाजवादी पार्टी हरेंद्र सिंह मलिक 23 हजार 441 वोटों से लीड कर रहे हैं. बीजेपी के संजीव बालियान 23 हजार 441 वोटों से पीछे चल रहे हैं. मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी की रुचि वीरा 11 हजार 116 वोटों से आगे हैं. बीजेपी उम्मीदवार कुंवर सर्वेश सिंह 11 हजार 116 वोटों से पीछे चल रहे हैं. संभल सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार जिया उर रहमान 15 हजार 768 वोटों से आगे हैं. बीजेपी के परमेश्वर लाल सैनी पीछे चल रहे हैं. मेरठ सीट बीजेपी उम्मीदवार अरुण गोविल आगे चल रहे हैं, समाजवादी पार्टी की सुनीता वर्मा 41 हजार 454 वोटों से पीछे चल रही हैं. रामपुर लोकसभा समाजवादी पार्टी कैंडिडेट मोहिबुल्लाह 56 हजार 455 वोटों से आगे चल रहे हैं. इसके अलावा बीजेपी के घनश्याम सिंह लोधी पीछे चल रहे हैं.














