न्यूज़भारतहेडलाइंस

बलिया में अमित शाह की जनसभा, बोले- आपके वोट की वजह से हमने खत्म किया 370

उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को दुनिया में पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बना दी है। इस बार मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे तो भारत दुनिया में नंबर वन और यूपी देश में नंबर वन बनेगा। उक्त बातें देश के गृहमंत्री अमित शाह ने शहर से सटे माल्देपुर मोड़ के पास हैबतपुर गांव में बलिया लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर के समर्थन में बुधवार को आयोजित चुनावी जनसभा में कही।

शाह बोले
अमित शाह ने तय समय से आधे घंटे पूर्व मंच पर आते ही बिना किसी औपचारिकता के माइक संभाल ली। संबोधन के बाद सपा छोड़ने वाले पूर्व मंत्री नारद राय व पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।
अमित शाह ने इससे पहले कहा कि आज बलिया वालों को एक बात कहने आया हूं। गुजराती हिसाब-किताब में पक्के होते हैं। एक बार में कई काम करते हैं। एक ही बार में यदि तीन काम हों तो वह करना चाहिए। नीरज शेखर को वोट देने से एक साथ तीन काम होंगे।

शाह बोले
नीरज सांसद बनेंगे, मोदी पीएम बनेंगे और स्व. चंद्रशेखर को श्रद्धांजलि मिलेगी। नीरज शेखर को मैंने भाजपा ज्वाइन कराई है। पूरा जीवन ये भाजपा के सिपाही बने रहेंगे। नीरज को मिला एक-एक वोट मोदी को पीएम बनाने के काम आएगा। पूर्व की सरकार में तीन-चार घंटा बिजली आती थी, रमजान में पूरी आती थी, जन्माष्टमी में नहीं आती थी। कहा कि भाजपा सरकार आई तो 18 घंटा बिजली देने का काम योगी सरकार ने किया। कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि इन्होंने संविधानिक रूप से पिछड़े वर्ग के आरक्षण को मुसलमानों को देने का काम किया। कर्नाटक व हैदराबाद में चार प्रतिशत आरक्षण दिया।

शाह बोले
अमित शाह ने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण दिया, जो गैर कानूनी है। जब तक भाजपा का एक भी सांसद है, पिछड़े वर्ग के आरक्षण को हाथ लगाने नहीं देंगे। सपा शासन में पूर्वांचल में देशी कट्टा बनता था, अब ब्रह्मोस मिसाइल, तोप के गोले व अत्याधुनिक हथियार बन रहे हैं। पाकिस्तान पर वार करने में काम आएगा।
कांग्रेस, सपा व बसपा राज में बम धमाके होते थे और कोई कुछ नहीं करता था। देश ने देखा कि उड़ी व पुलवामा में हमला हुआ तो मोदी ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवाद का खात्मा किया। यही नहीं, मोदी ने देश से नक्सलवाद समाप्त किया। यूपी में सपा-बसपा के दौर में माफिया परेशान करते थे। भाजपा सरकार आई तो मुख्यमंत्री योगी ने माफियाओं को उल्टा लटकाकर सीधा किया। भाजपा ने पूर्वांचल से मच्छर और माफिया को खत्म किया।

शाह बोले
बूचड़खाने की जगह गोशाला बन रही हैं। वोट की ताकत है कि भाजपा सरकार में 18 घंटे बिजली आती है। कांग्रेस पिछड़ा विरोधी पार्टी है। केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मोदी ने उत्तर प्रदेश में 14 एक्सप्रेसवे बनाए हैं। दो से नौ एयरपोर्ट हो गए हैं। 12 शहरों में मेट्रो चलाने का काम किया। 22 मेडिकल कालेज बन रहे हैं। दो एम्स बने हैं। 24 लाख हेक्टेयर सिंचाई पर का काम हुआ। ट्रिपल आईटी, मेगा फूडपार्क बन रहा है। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का काम मोदी ने किया है। बलिया में मेडिकल कालेज एक साल में बनेगा। जिले में हुए विकास कार्यों की फेहरिस्त गिनाते हुए कहा कि बलिया में 75 हजार आवास बने हैं। दो लाख 20 हजार गैस सिलेंडर दिए हैं। चार लाख 23 हजार किसानों को सम्मान निधि दी गई है। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री रजनी तिवारी, मंत्री दानिश आजाद अंसारी, सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, विधायक मनोज पाण्डेय, विजय बहादुर दूबे, उपेंद्र तिवारी, आनंद शुक्ल, रविशंकर सिंह पप्पू, जिलाध्यक्ष संजय यादव आदि थे। संचालन राजीव मोहन चौधरी ने किया।

 

Related Posts

हनीमून पर जा रहे कपल ने ट्रेन में की गंदी हरकतें, भड़के यात्रियों ने कहा- ये सब घर पर करो

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें…

1 of 769

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *