उमाकांत त्रिपाठी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया है. बारामती में बुधवार को हुए विमान हादसे में उनकी जान गई. अजित पवार 66 साल के थे. उनके निधन से देश में शोक की लहर है. अजित पवार बारामती में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे. लैंडिंग के दौरान ये घटना घटी. विमान में सवार 5 लोगों की इस हादसे में मौत हुई है. जानकारी के मुताबिक, ये अजित पवार का निजी विमान था.
कब-कैसे और कहां हुआ हादसा
तारीख: 28 जनवरी, 2026
एयरक्राफ्ट टाइप: लियरजेट 45
एयरक्राफ्ट रजिस्ट्रेशन: VT-SSK
कहां हुआ हादसा: बारामती एयरपोर्ट
एयरक्राफ्ट में कितने लोग सवार थे: क्रू समेत 05
विमान के बारे में जानिए
लियरजेट 45 एक मध्यम आकार का बिजनेस जेट है, जिसे बॉम्बार्डियर एयरोस्पेस (1998-2009) द्वारा निर्मित किया गया था. इसकी उड़ान क्षमता 2,000 से 2,235 समुद्री मील है. इसमें आठ यात्रियों तक के बैठने की व्यवस्था है और यह उच्च गति (मैक 0.78-0.81) पर उड़ने में सक्षम है. दो हनीवेल TFE731 इंजनों द्वारा संचालित यह 51,000 फीट की अधिकतम ऊंचाई तक उड़ सकता है और अपनी गति तथा कुशल, आरामदायक केबिन के लिए जाना जाता है.
चश्मदीद ने क्या कहा?
एक चश्मदीद ने कहा कि हमें धमाके की आवाज सुनाई दी. यात्रियों ने प्लेन से निकलने की कोशिश की. आग ज्यादा थी, इस वजह से कोई मदद नहीं कर पाया. विमान में अजित पवार भी थे, ये हमारे लिए बहुत दुख की बात है. पायलट ने लैंडिंग कराने की कोशिश की थी. विमान रनवे पर आ गया था, उसी दौरान ये हादसा हुआ.
पीएम मोदी ने जताया दुख
श्री अजित पवार जी जननेता थे, जिनका ज़मीनी स्तर पर लोगों से गहरा जुड़ाव था। वे महाराष्ट्र की जनता की सेवा में सदैव अग्रणी रहने वाले एक परिश्रमी और समर्पित व्यक्तित्व के रूप में व्यापक रूप से सम्मानित थे। प्रशासनिक विषयों पर उनकी गहरी समझ और गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने के प्रति उनका जुनून विशेष रूप से उल्लेखनीय था। उनका असामयिक निधन अत्यंत स्तब्ध करने वाला और दुखद है। उनके परिवारजनों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ।













