उमाकांत त्रिपाठी। PM Modi FICCI Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश के बड़े उद्योगपतियों को स्वदेशी उत्पादों और उनकी गुणवत्ता को लेकर कड़ी नसीहत दी। नई दिल्ली के भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के 100वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए PM Modi FICCI Speech में प्रधानमंत्री ने सवाल उठाया कि भारतीय ग्राहकों को अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद देने के लिए एक्सपोर्ट क्वालिटी का भरोसा क्यों दिलाना पड़ता है? उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिक भी बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पादों के हकदार हैं। उद्योगपतियों को भारतीय ग्राहकों को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
पीएम मोदी ने महात्मा गांधी के स्वदेशी संदेश की याद दिलाते हुए कहा कि करीब 100 साल पहले गांधीजी ने स्वदेशी अपनाने की बात कही थी। इतने वर्षों बाद भी उद्योग जगत को वही बात समझानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि मेरी बात मत मानिए, कम से कम गांधीजी की तो मानिए भाई। प्रधानमंत्री ने कंपनियों के मुनाफे, कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार बढ़ाने को लेकर भी सवाल उठाए।
1. स्वदेशी का महत्व उद्योगपतियों को क्यों बताना पड़ रहा है?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने करीब एक सदी पहले देशवासियों को स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया था। इसके बावजूद आज भी उद्योग जगत को स्वदेशी का महत्व याद दिलाने की जरूरत पड़ रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि सोचने वाली बात है कि 100 साल बीत जाने के बाद भी उन्हें वही बात दोहरानी पड़ रही है। उन्होंने उद्योगपतियों से सवाल किया कि क्या यह उनकी सफलता है या विफलता?
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मेरी बात मत मानिए, कम से कम गांधीजी की तो मानिए भाई।’
उनके इस बयान का संदेश साफ था कि भारतीय उद्योगों को घरेलू उत्पादन और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
2. ‘एक्सपोर्ट क्वालिटी है’ कहकर ग्राहकों को भरोसा क्यों दिलाना पड़ता है?
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय बाजार में उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर उद्योगपतियों से तीखे सवाल किए। उन्होंने कहा कि कंपनियां जब ग्राहकों को अपना सामान बेचती हैं तो अक्सर यह कहती हैं कि यह एक्सपोर्ट क्वालिटी का प्रोडक्ट है।
पीएम ने सवाल उठाया कि आखिर भारतीय ग्राहकों को अच्छी गुणवत्ता का भरोसा दिलाने के लिए एक्सपोर्ट क्वालिटी का नाम क्यों लेना पड़ता है?
उन्होंने कहा, ‘आप कस्टमर्स से कहते हैं, अरे लीजिए एक्सपोर्ट क्वालिटी है। आप देश के लोगों को क्या समझते हो भाई? क्या वो अच्छी क्वालिटी के हकदार नहीं हैं क्या?’
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भी ग्राहक को यह बताना पड़ता है कि उत्पाद एक्सपोर्ट क्वालिटी का है। ग्राहक भी सोचता है कि शायद विदेश भेजे जाने वाले उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर होती है।
मोदी ने उद्योगपतियों से इस सोच को बदलने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय ग्राहकों को भी वैसी ही गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलने चाहिए, जिनकी अपेक्षा अंतरराष्ट्रीय बाजार में की जाती है।
3. 140 करोड़ भारतीयों को हल्के में न लें उद्योगपति
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिक बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पादों के हकदार हैं। उद्योगपतियों को भारतीय ग्राहकों को अपना पक्का खरीदार मानकर हल्के में नहीं लेना चाहिए।
उन्होंने कंपनियों से कहा कि उन्हें सिर्फ इस भरोसे पर उत्पाद नहीं बनाने चाहिए कि भारतीय बाजार में उनके सामान को खरीदार मिल ही जाएंगे। कंपनियों को यह भी देखना चाहिए कि उनके उत्पादों की गुणवत्ता कैसी है और क्या वे अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरे उतरते हैं।
पीएम मोदी के मुताबिक, भारतीय उपभोक्ताओं को बेहतर उत्पाद उपलब्ध कराना उद्योग जगत की जिम्मेदारी होनी चाहिए।
इस बयान के जरिए प्रधानमंत्री ने घरेलू बाजार में गुणवत्ता सुधारने और भारतीय ग्राहकों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उनका जोर इस बात पर था कि भारत में बनने वाले उत्पादों की पहचान केवल कम कीमत से नहीं, बल्कि बेहतर गुणवत्ता से भी होनी चाहिए।
4. कॉर्पोरेट टैक्स घटाया, फिर कर्मचारियों की सैलरी क्यों नहीं बढ़ी?
प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योगपतियों को सरकार की ओर से दी गई टैक्स राहत की भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स की दर 30% से घटाकर 22% की है। इसके अलावा व्यक्तिगत आयकर में भी राहत दी गई है और 12 लाख रुपए तक की सालाना आय को टैक्स फ्री करने का फैसला लिया गया।
पीएम मोदी ने कंपनियों से सवाल किया कि जब सरकार ने टैक्स में इतनी बड़ी राहत दी तो क्या उन्होंने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या कर्मचारियों की संख्या में इजाफा किया? क्या युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए?
उन्होंने उद्योग जगत के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि कहीं कंपनियों की सोच ऐसी तो नहीं हो गई है कि ‘मोदी जी, आप करिए, हम तो सिर्फ देखते रहेंगे। क्या ऐसे ही काम चलता रहेगा?’
प्रधानमंत्री का संदेश था कि सरकार की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं का लाभ केवल कंपनियों के मुनाफे तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसका फायदा कर्मचारियों और देश की अर्थव्यवस्था को भी मिलना चाहिए।
5. अगले 10 साल में देश के विकास के लिए क्या करेंगे?
प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर भी उद्योगपतियों से बड़ी अपील की। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए 100 साल का इंतजार करने की जरूरत नहीं है।
उद्योग जगत को यह सोचना चाहिए कि वह अगले 10 साल में देश के विकास के लिए क्या योगदान दे सकता है।
पीएम मोदी ने कहा कि कारोबारियों को अपने मुनाफे और कारोबारी लक्ष्यों के साथ देश की जरूरतों को भी ध्यान में रखना चाहिए। भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निवेश, रोजगार, तकनीक, उत्पादन और गुणवत्ता जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम करने की जरूरत है।
उन्होंने कारोबारियों से कहा कि वे अपनी समस्याएं और सुधारों से जुड़े सुझाव बिना किसी झिझक के सरकार के सामने रखें। सरकार उद्योग जगत के साथ खड़ी है और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी सुधार जारी रखेगी।
6. क्या है FICCI, जिसकी 100वीं सालगिरह पर पीएम मोदी ने दिया भाषण?
FICCI यानी फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री देश के प्रमुख उद्योग और व्यापार संगठनों में से एक है। इसकी शुरुआत 1927 में हुई थी। यह संगठन देश के बड़े कारोबारियों और कंपनियों के हितों का प्रतिनिधित्व करता है।
FICCI उद्योग जगत की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाता है। इसके अलावा देश में कारोबार, निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार को सुझाव भी देता है। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है।
गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में FICCI के 100वें स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया और देश के बड़े उद्योगपतियों को संबोधित किया।
पीएम मोदी के भाषण का उद्योग जगत के लिए क्या है संदेश?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस संबोधन में उद्योगपतियों के लिए तीन बड़े संदेश दिखाई दिए। पहला, भारतीय ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराए जाएं। दूसरा, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता को केवल सरकारी अभियान न समझकर कारोबारी प्राथमिकता बनाया जाए। तीसरा, कंपनियां अपने मुनाफे के साथ कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार बढ़ाने पर भी ध्यान दें।
पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत का घरेलू बाजार बहुत बड़ा है और यहां के उपभोक्ताओं को अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलने चाहिए। भारतीय ग्राहकों को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि विदेशों के लिए बनाए गए उत्पाद ही बेहतर होते हैं।
अब देखना होगा कि प्रधानमंत्री की इस नसीहत के बाद उद्योग जगत उत्पादों की गुणवत्ता, स्वदेशी उत्पादन और रोजगार बढ़ाने की दिशा में क्या कदम उठाता है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में निजी क्षेत्र की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण होगी, यह आने वाले वर्षों में तय होगा।















