उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सैनिकों के साहस और पराक्रम को सलाम किया है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत का संकल्प पहले की तरह मजबूत है और आतंकवाद को पनपने में मदद करने वाले पूरे तंत्र को खत्म करने के लिए देश पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि एक साल पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेनाओं ने अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने वालों को करारा जवाब दिया गया।
पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश वीर जवानों के शौर्य को सलाम करता है। उन्होंने बताया कि इस सैन्य अभियान ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति अटूट संकल्प को दुनिया के सामने रखा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने भारतीय सेनाओं की पेशेवर क्षमता, तत्परता और समन्वित शक्ति को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि सेना के तीनों अंगों के बीच बढ़ते तालमेल और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों ने राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत किया है।
अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि एक साल बाद भी भारत आतंकवाद को खत्म करने और उसे समर्थन देने वाले नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के संकल्प पर अडिग है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारत को मिली असाधारण विजय वीर सैनिकों के अद्भुत पराक्रम और देशभक्ति की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा पर हर देशवासी को गर्व है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक ‘संस्कृत सुभाषितम्’ भी साझा किया। उन्होंने लिखा, “उदीर्णमनसो योधा वाहनानि च भारत। यस्यां भवन्ति सेनायां ध्रुवं तस्यां जयं वदेत्।।“
इसका अर्थ बताते हुए कहा गया कि जिस सेना में योद्धा उत्साही और उच्च मनोबल वाले हों तथा जिनके पास युद्ध के उत्तम साधन हों, विजय निश्चित रूप से उसी सेना की होती है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें 26 नागरिकों की मौत हुई थी। इसके जवाब में भारतीय सेना ने 6 और 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इस अभियान के दौरान पाकिस्तान के भीतर छिपे कई आतंकवादियों को मार गिराया गया था।















