उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली को बड़ी सौगात दी। उन्होंने के रोहिणी में देश के पहले 8 लेन एलिवेटेड हाईवे द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि- सिर पर संविधान रख नाचने वाले इसे कुचलते थे। ये बाबा साहब की भावनाओं को दगा देते थे।
पीएम ने आगे कहा कि- जो विकास होना चाहिए था, वह अतीत की सरकारों में नहीं हुआ। यूपीए सरकार के दौरान फाइलें चलती थीं, लेकिन उन पर काम हमने किया। जब केंद्र में राज्यों में भाजपा की सरकारें बनीं तो विकास शुरू हुआ।
पीएम का विपक्ष पर निशाना
PM ने कहा- लंबे समय तक इन्होंने सरकारें चलाई हैं, उनके लिए जनता पर शासन करना ही उद्देश्य था। पहले क्या स्थिति थी इसका उदाहरण देता हूं, दिल्ली में हमारे जो साफ सफाई में जुटे साथी हैं, ये सभी दिल्ली में बहुत बड़ा दायित्व निभाते हैं, इन्हें सैल्यूट करना चाहिए। पहले ही सरकारों ने इन्हें गुलाम समझ रखा था, ये जो लोग सर पर संविधान रखकर नाचते हैं न, ये कैसे संविधान को कुचलते थे। ये बाबा साहब की भावनाओं को दगा देते थे। मैं इसकी सच्चाई बताता हूं आप सुनकर दंग रह जाएंगे। दिल्ली में पहले इन सफाई कर्मियों में एक खतरनाक कानून था, यदि कोई सफाई मित्र बिना बताए काम पर नहीं आता तो उसे एक महीने में जेल के लिए डाला जा सकता था। आप बताइए, खुद सोचिए सफाई कर्मियों को लोग क्या समझते थे।
प्राचीन संस्कृति हमारी बड़ी शक्ति- पीएम
PM मोदी ने कहा- भारत की बहुत बड़ी शक्ति हमारी प्राचीन संस्कृति है। हमारी धरोहर है, ये जीवन दर्शन है, जीवंत दर्शन है। इसी जीवंत दर्शन में चक्रधारी मोहन और चरखाधारी मोहन दोनों का दर्शन होता है। हम समय समय पर दोनों की अनुभूति करते हैं। चक्रधारी मोहन यानी श्रीकृष्ण, जिन्होंने सुदर्शन चक्र की हमे अनुभूति कराई। और चरखा धारी मोहन यानी महात्मा गांधी । भारत को सशक्त बनाने के लिए हमे चक्रधारी मोहन से सीखना है और आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमे चरखी धारी मोहन से सीखने की जरूरत है। मैं इसका उदाहरण देता हूं, खादी खत्म होने के कगार पर पहुंच गई थी, जब हमारी सरकार बनी तो हमने इसकी बिक्री सात गुना बढ़ा दी। लोगों ने वोकल फॉर लोकल के साथ इस सोच को आगे बढ़ाया।
PM का UPA सरकार पर तंज
गुड गर्वनेंस भाजपा सरकारों की पहचान है। भाजपा की सरकार के लिए जनता जर्नादन ही सर्वोपरि है, आपके पास ही हमारा कमांड है। हमारा काम है जनता के जीवन को आसान बनाएं। हरियाणा में एक समय कांग्रेस सरकारों का था, जब बिना पर्ची खर्ची के एक नियुक्ति मिलना मुश्किल था, लेकिन अब की सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ युवाओं को नौकरी दी। नायब सैनी के नेतृत्व में ये काम चल रहा है। आज देश की बात करूं तो बीते ग्यारह सालों में देश में रिकॉर्ड सड़कें बनी हैं। रेलवे स्टेशन बनी हैं। छोटे छोटे शहरों में एयरपोर्ट बन रहे हैं। ये तभी संभव हुआ है जब आज की सरकार ने पुराने तौर तरीकों को बदला है।
पीएम मोदी ने की मजदूरों से मुलाकात
कार्यक्रम में पहुंचने से पहले PM मोदी द्वारका एक्सप्रेसवे पर पहुंचे। वहां उन्होंने एक्सप्रेसवे पर काम करने वाले मजदूरों से बात कर उनके अनुभव जाने। इसके बाद अधिकारियों से प्रोजेक्ट की जानकारी ली। इसके बाद रोहिणी से लेकर बक्करवाला तक रोड शो किया। इस दौरान पीएम ने हाईवे के दोनों किनारों पर खड़े लोगों का गाड़ी से बाहर निकलकर अभिवादन भी किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और हरियाणा के सीएम नायब सैनी भी मौजूद रहे।















