न्यूज़भारतहेडलाइंस

पीएम मोदी ने संभल में कल्किधाम का किया शिलान्यास, बोले- दुनिया में बढ़ रही देश की साख, सरकार की उपलब्धियों का किया जिक्र

उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (19 फरवरी) संभल के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने कल्किधाम मंदिर का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ और कल्किधाम ट्रस्ट के अध्यक्ष भी मौजूद रहे। मोदी ने कल्किधाम ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रमोद कृष्णम की कई बार तारीफ की। अयोध्या के राम मंदिर, यूएई के मंदिर, भारत की दुनिया में बढ़ती साख और सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। प्रमोद कृष्णम ने पीएम से कहा कि आपको भावनाओं के अलावा क्या दे सकता हूं। इस पर मोदी ने कहा कि अच्छा है कि आपने भावनाएं दीं। अगर आज के दौर में सुदामा भगवान कृष्ण को पोटली देते तो इसका वीडियो बन जाता, इस पर पीआईएल लग जाती और भ्रष्टाचार का केस हो जाता। संभल में कल्किधाम का निर्माण कांग्रेस से हाल ही निष्कासित हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने करवाया। प्रमोद कृष्णम ने पीएम की तारीफ करते हुए कहा कि PM नरेंद्र मोदी गैरों को अपना बनाने का काम कर रहे हैं। कुछ ऐसे अभागे नेता हैं, जो अपनों को भी गैर बनाने का काम कर रहे हैं।

पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें

भारत के सपने को पूरा होते देखेंगे
मोदी ने कहा कि 25 साल के कर्तव्य काल में परिश्रम की पराकाष्ठा करनी है। हर प्रयास, हर काम से राष्ट्र को क्या लाभ होगा, ये प्रश्न हमारे मन में सबसे पहले आना चाहिए। यही प्रश्न सामूहिक चुनौतियों के समाधान देगा। कल्कि आशीर्वाद से संकल्पों की ये यात्रा समय से पहले सिद्धि तक पहुंचेगी। सशक्त और समर्थ भारत के सपने को शत-प्रतिशत पूरा होता देखेंगे।

कर्म करते जाना है
मोदी ने कहा कि गरीब की सेवा का भाव समाज को नर में नारायण की प्रेरणा देने वाले आध्यात्मिक मूल्यों से मिली है। भारत जब भी बड़े संकल्प लेता है, उसके मार्गदर्शन के लिए ईश्वरीय चेतना किसी ना किसी रूप में हमारे बीच जरूर आती है। इसलिए गीता में कृष्ण ने कहा- संभवामि युगे-युगे। इस वचन के साथ ये आदेश देते हैं- कर्म करते जाओ, फल की चिंता मत करो।

10 साल में कामों के विस्तार को देखिए
मोदी ने कहा- 4 करोड़ से ज्यादा लोगों को पीएम आवास योजना के तहत पक्के घर, 11 करोड़ परिवारों को शौचालय यानी इज्जतघर, ढाई करोड़ परिवारों को बिजली, 10 करोड़ परिवारों को पानी कनेक्शन, 80 करोड़ को मुफ्त राशन, 10 करोड़ महिलाओं को सब्सिडाइज्ड सिलेंडर, 50 करोड़ को आयुष्मान कार्ड, 10 करोड़ किसानों को सम्माननिधि, कोरोना काल में मुफ्त वैक्सीन, स्वच्छ भारत अभियान। आज पूरी दुनिया इनकी प्रशंसा कर रही है। सरकार के इन प्रयासों से देशवासियों का सामर्थ्य जुड़ गया है।

अर्थव्यवस्था को मजबूत किया, अंतरिक्ष में भी भारत ने झंडे गाड़े
मोदी ने कहा कि हमारी पहचान इनोवेशन हब के तौर पर हो रही है। पहली बार दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था जैसे मुकाम पर पहुंचे। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने वाले पहले देश बने। वंदेभारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें चल रही हैं। बुलेट ट्रेन चलने की तैयारी हो रही है। हाईवे और एक्सप्रेस वे की ताकत देश के पास है। पहली बार भारत का नागरिक किसी भी देश में हो, अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहा है। आत्मविश्वास का ये ज्वार अद्भुत अनुभूति है। शक्ति भी अनंत है और संभावनाएं भी अपार हैं। राष्ट्र को सफल होने के लिए ऊर्जा सामूहिकता से मिलती है। वेद कहते हैं- निर्माण के लिए हजारों करोडो़ं हाथ हैं। गतिमान होने के लिए हजारों लाखों करोड़ों पैर हैं। आज हमें भारत में उसी विराट चेतना के दर्शन हो रहे हैं। सबका साथ-सबका विश्वास-सबका प्रयास की भावना से हर देशवासी एक भाव और संकल्प से राष्ट्र के लिए काम कर रहा है।

Related Posts

हनीमून पर जा रहे कपल ने ट्रेन में की गंदी हरकतें, भड़के यात्रियों ने कहा- ये सब घर पर करो

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें…

1 of 769

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *